उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त, मधुबनी ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही बच्चों में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने की आवश्यकता है। हमारा लक्ष्य केवल जिला या राज्य स्तर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि एशियाई खेल और ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करना होना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों को सतत अभ्यास करने तथा खेल की तकनीकी बारीकियों में दक्ष बनने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करता है। विद्यालय स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इस अवसर पर आर.एन. कॉलेज, पंडौल की खेल प्रभारी सरिता कुमारी, लकी कुमारी, खेल शिक्षक सुनील कुमार ठाकुर, वीरेंद्र यादव, रंजीत कुमार, श्रवण कुमार, रंजीत कुमार, वासी अख्तर, सर्वेश कुमार , आरती कुमारी, अभिषेक कुमार, राकेश रोशन सहित विभिन्न आयोजन समितियों से जुड़े शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के अंतर्गत आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, मधुबनी के प्रशिक्षु प्राची झा एवं दिव्या झा द्वारा आकर्षक स्वागत गान की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 01 अक्टूबर से 03 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न खेल मैदानों, खेल भवन, नगर भवन, राजनगर प्लस टू उच्च विद्यालय तथा माउंट कार्मेल विद्यालय, जयनगर सहित विभिन्न स्थलों पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जिले के 100 से अधिक सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लगभग 3,000 खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में किया जा रहा है तथा कुल 15 खेल विधाओं में प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी दरभंगा में आयोजित प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में मधुबनी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रकार यह प्रतियोगिता जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रमंडल एवं आगे के उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त, मधुबनी एवं जिला खेल पदाधिकारी, मधुबनी द्वारा प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे उड़ाए गए तथा हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतियोगिता प्रारंभ की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें