वाराणसी : गंगा किनारे पैडल मारेंगे मांडविया, नशामुक्ति का देंगे संदेश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 10 अक्टूबर 2026

वाराणसी : गंगा किनारे पैडल मारेंगे मांडविया, नशामुक्ति का देंगे संदेश

  • पैडल-पैडल में गूंजेगा नशामुक्त भारत का संकल्प, संडे ऑन साइकिल के 94वें संस्करण में जुटेंगे खिलाड़ी और युवा
  • सुबह छह बजे नमो घाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक निकलेगी साइकिल यात्रा, योग-जुंबा और खेल गतिविधियों से युवाओं को जोड़ने की पहल

Mandviya-in-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। गंगा की लहरों के सानिध्य में रविवार की सुबह साइकिल के पहिये फिटनेस का पैगाम लेकर आगे बढ़ेंगे। पैडल के साथ गूंजेगा नशामुक्त भारत का संकल्प और युवाओं को मिलेगा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश। मौका होगा फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 94वें संस्करण का, जिसमें केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया युवाओं के साथ साइकिल चलाकर अभियान का नेतृत्व करेंगे। नमो घाट पर रविवार सुबह छह बजे शुरू होने वाले इस आयोजन की थीम ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ है। यहां से साइकिल यात्रा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक जाएगी। आयोजन में युवा, फिटनेस प्रेमी, आम नागरिक और खेल जगत की हस्तियां शामिल होंगी। उद्देश्य साफ है—युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना।


पदक विजेता खिलाड़ियों से मिलेगी प्रेरणा

आयोजन में 2026 के आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। इनमें महिलाओं की 400 मीटर दौड़ की कांस्य पदक विजेता प्राची चौधरी, महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली पारुल चौधरी, रिले स्पर्धाओं में पदक हासिल करने वाले जय कुमार और भारतीय हॉकी टीम के स्वर्ण पदक विजेता राज कुमार पाल शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की भागीदारी युवाओं को अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देगी। खेल के मैदान में देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के साथ साइकिल चलाना प्रतिभागियों के लिए फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी होगा।


योग-जुंबा से बढ़ेगा उत्साह

साइकिल यात्रा के साथ नमो घाट पर योग सत्र, जुंबा, मनोरंजक खेल और संवादात्मक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इनके जरिये लोगों को नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान इस विचार को मजबूत करता है कि फिट रहना किसी एक दिन की कवायद नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदत होनी चाहिए.


छह हजार से अधिक क्लब जुड़े

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इस पहल को साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत का सहयोग प्राप्त है। देशभर में विभिन्न खेल केंद्रों के साथ छह हजार से अधिक नमो फिट इंडिया क्लब भी साप्ताहिक साइकिलिंग गतिविधियों के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। संदेश यही है कि युवा शक्ति नशे से नहीं, अपने संकल्प और सामर्थ्य से पहचानी जाए। स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: