नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को निकाले गए विपक्षी सांसदों के मार्च में ‘जेन जी’ युवाओं के हालिया आंदोलन की भी झलक देखने को मिली। विशेष तौर पर सांसदों द्वारा लगाए गए पोस्टर पर लिखे नारों और कुछ महीने पहले जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शन के नारों में समानता दिखाई दी। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने अपने हाथ में जो पोस्टर पकड़ रखा था, उस पर ‘एक कचौड़ी दो समोसा, ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा’ लिखा हुआ था। इस बारे में पूछे जाने पर इकरा ने कहा, ‘‘यह (नारा) विरोध प्रदर्शन का प्रतीक बन गया है। जिस तरह से वोट चोरी हुई है, उससे अब कोई भरोसा नहीं रहा।’’ इसी तरह, तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओब्रायन ने एक पोस्टर ले रखा था जिस पर ‘मुचुआ (मुख्य चुनाव आयुक्त) हटाओ, देश बचाओ’ लिखा हुआ था। विपक्ष के कुछ सदस्यों के पोस्टर पर ‘बीजेपी ही सीईसी’ लिखा हुआ था। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों ने मंगलवार को संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला, हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और कई सांसदों तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचने की कोशिश में आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए और एक पेड़ के नीचे बैठ गए। विपक्षी दलों की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाया जाए और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द किया जाए।
मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026
दिल्ली : विपक्षी सांसदों के मार्च में दिखी ‘जेन जी’ आंदोलन की झलक
Tags
# देश
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें