सीहोर : सेवा संकल्प अभियान के तहत सैनिकों का सम्मान, पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

सीहोर : सेवा संकल्प अभियान के तहत सैनिकों का सम्मान, पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • नगर पालिका परिषद में वीर सैनिकों का शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मान, सैनिकों के त्याग और समर्पण को किया नमन

Sainik-samman-sehore
सीहोर। सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को साकार करते हुए नगर पालिका परिषद सीहोर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरे योगदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत नगर पालिका परिषद के सभागार में देश की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सैनिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सैनिकों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात शाम को शहीद स्मारक परिसर में 201 पौधों का रोपण कर वीर शहीदों को नमन किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।


सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक : प्रिंस राठौर

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि  'देश के सैनिक हमारे राष्ट्र का गौरव हैं। जब पूरा देश चैन की नींद सोता है, तब हमारे वीर जवान सीमाओं पर जागकर देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। सैनिकों का त्याग, साहस और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका योगदान शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। सैनिकों का सम्मान करना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। हम सभी का दायित्व है कि अपने वीर सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखें तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। 'अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने आगे कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। सैनिकों का सम्मान करना और शहीदों की स्मृति में पौधारोपण करना इसी भावना का हिस्सा है। देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।


शहीद स्मारक पर 201 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

सैनिक सम्मान समारोह के बाद शाम को शहीद स्मारक परिसर में 201 पौधे लगाकर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से शहीदों की स्मृति को नमन करने के साथ ही शहर को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया गया। पौधारोपण के जरिए नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पौधों की देखभाल करने के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि पौधे लगाना प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए, ताकि आज लगाया गया पौधा कल एक विशाल वृक्ष बनकर समाज को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण प्रदान कर सके।


जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन शास्ता, पार्षद मुकेश मेवाड़ा, अर्जुन राठौर, नरेंद्र राजपूत, लोकेंद्र वर्मा, कमलेश राठौर, मांगीलाल मालवीय, गगन नामदेव, शुभम राठौड़, नितेश राठौर, गोविंद मीणा, प्रवेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शहर के नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नगर पालिका परिषद ने सैनिकों के सम्मान, शहीदों की स्मृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह आयोजन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के साथ प्रकृति के संरक्षण का संदेश देने वाला रहा।

कोई टिप्पणी नहीं: