नेपाल में अचानक आई बाढ़ का कारण भूस्खलन और अस्थायी अवरोध का हटना हो सकता है - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 11 अक्टूबर 2026

नेपाल में अचानक आई बाढ़ का कारण भूस्खलन और अस्थायी अवरोध का हटना हो सकता है

budhi-gandki-flood-nepal
काठमांडू स्थित एक अंतर सरकारी संगठन ने कहा कि रविवार तड़के नेपाल की बूढ़ी गंडकी नदी प्रणाली में अचानक आई बाढ़ का कारण भूस्खलन और नदी में अस्थायी रूप से बने अवरोध का हटना हो सकता है। नेपाल में स्थानीय समयानुसार, तड़के करीब चार बजे आई बाढ़ गोरखा जिले में कई घरों और पुलों को बहा ले गई तथा जलविद्युत परियोजना के ढांचे को नुकसान पहुंचाया। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 10 लोग अब भी लापता हैं, जबकि करीब 50 लोगों को बचा लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी) ने एक बयान में नेपाल के अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि बाढ़ का कारण गोरखा जिले के चुमचेत के पास नदी में बने अस्थायी अवरोध का भूस्खलन की वजह से हटना हो सकता है। 


बयान के अनुसार, बाढ़ का पानी अपने साथ मिट्टी, गाद और मलबा बहाकर बूढ़ी गंडकी नदी के रास्ते नीचे की ओर ले गया। इसमें कहा गया कि इसके बाद अधिकारियों ने बूढ़ी गंडकी, त्रिशूली और नारायणी नदियों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी, क्योंकि जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो रहा था और खतरा बढ़ रहा था। शुरुआती खबरों के अनुसार, कई लोग लापता हैं, अनेक घर बह गए हैं, पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं और नदी किनारे स्थित ढांचों को नुकसान पहुंचा है। काठमांडू स्थित आईसीआईएमओडी एक अंतर सरकारी संगठन है, जो हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में सतत विकास और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों पर काम करता है। इसके आठ सदस्य देशों में भारत, नेपाल और चीन शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: