पटना : कृष्णा अल्लावरू पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और आगामी आंदोलन की तैयारियों पर दिया जोर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

पटना : कृष्णा अल्लावरू पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और आगामी आंदोलन की तैयारियों पर दिया जोर

  • ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर नवंबर तक आंदोलन करेगी बिहार कांग्रेस, गांव-गांव पहुंचेगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान : राजेश राम
  • 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तरीय मार्च, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चौपाल और संविधान दिवस पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम का ऐलान

Bihar-congress-meeting
पटना, 9 अक्टूबर (रजनीश के झा) । प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम, पटना में आज बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, पार्टी की गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगामी चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, जिला से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा कांग्रेस के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर चर्चा की। बैठक में आगामी आंदोलन की तैयारियों और संगठन की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।


बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार कांग्रेस नवंबर तक कई चरणों में राज्यव्यापी आंदोलन चलाएगी।  राजेश राम ने आंदोलन के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि पहले चरण के बाद द्वितीय चरण में 10 से 20 अक्टूबर तक राज्यभर में ब्लॉक स्तरीय मार्च और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रखंड स्तर पर जनता के बीच पहुंचकर मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे और लोगों को अभियान से जोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिला, प्रखंड और गांव स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएगी। इन चौपालों में मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायत करने वाले लोगों को भी शामिल किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित मतदाताओं से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि आंदोलन के चौथे चरण में संविधान दिवस के अवसर पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम आयोजित होगा  जिसमें बिहार से हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे और मतदाताओं के अधिकारों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे। इस  बैठक में कोषाध्यक्ष  जितेंद्र गुप्ता ,अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, विधायक मनोज विश्वास, सुरेंद्र कुशवाहा सहित सभी जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: