दिल्ली : राहुल का तंज, रुबियो ने 'अपने कर्मचारी' को मुबंई तलब किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

दिल्ली : राहुल का तंज, रुबियो ने 'अपने कर्मचारी' को मुबंई तलब किया

rahul-gandhi-attack-modi
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और दावा किया कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि क्या हो रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तंज कसते हुए यह भी कहा, ‘‘रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई तलब किया है।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि क्या हो रहा है।’’ गांधी ने कटाक्ष करते हुए यह कहा, ‘‘आप (मोदी) शायद समझाना चाहेंगे। बेशक, अगर आप चाहते हैं कि मैं समझाऊं तो बात अलग है।’’ 


राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो भारत की यात्रा करने वाले हैं और उनके मुंबई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है। इससे एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी रुबियो की यात्रा को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सवाल किया था कि भारत में विदेश मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी विदेश मंत्रालय के बजाय अमेरिकी राजदूत की ओर से क्यों दी जा रही है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो अपनी मुंबई यात्रा के दौरान भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और अमेरिका को उम्मीद है कि जयशंकर भी वहां मौजूद रहेंगे। इस टिप्पणी पर रमेश ने विदेश मंत्रालय की चुप्पी पर सवाल उठाया था। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान और भारत की यात्रा पर रहेंगे। वह उज्बेकिस्तान के समरकंद में ‘सी5+1’ मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के बाद भारत आएंगे और मुंबई तथा गुजरात के जामनगर जाएंगे। रुबियो की इस साल यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह मई में भारत आए थे और नयी दिल्ली में जयशंकर की मेजबानी में आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।

कोई टिप्पणी नहीं: