आईपीएल के दोनों सेमी फाइनल मैच बंगलूर से नवी मुंबई स्थानांतरित !! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 19 अप्रैल 2010

आईपीएल के दोनों सेमी फाइनल मैच बंगलूर से नवी मुंबई स्थानांतरित !!


बेंगलूर में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट पर शनिवार को हुए दो धमाकों के बाद इंडियन प्रीमियर लीग अधिकारियों ने रविवार को आईपीएल के दोनों सेमीफाइनल मैचों को बेंगलूर से नवी मुंबई में स्थानांतरित कर दिया।
आईपीएल आयुक्त ललित मोदी ने रविवार को अपने बयान में कहा कि आईपीएल सुरक्षा एजेंसी ने इन धमाकों को कम तीव्रता का पाया था, लेकिन अधिकारियों ने दोनों सेमीफाइनल मैच डी वाई पाटिल स्टेडियम (मुंबई) में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी स्टेडियम में 25 अप्रैल को आईपीएल का फाइनल मुकाबला भी खेला जाएगा।

मोदी ने कहा कि इतने कम समय में सेमीफाइनल मैचों के आयोजन स्थल को बदलना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन बेंगलूर में शनिवार की घटना को देखते हुए हमें अपने तय कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ा। मोदी ने कहा कि स्थानीय पुलिस और आईपीएल सुरक्षा एजेंसी ने शनिवार को हुई घटना का मुआयना करके इसे कम तीव्रता का पाया था लेकिन हमें तय कार्यक्रम में बदलाव के लिए मजबूर होना पड़ा। इस फैसले से निश्चित रूप से बेंगलूर के लोग निराश होंगे लेकिन टूर्नामेंट और शेयरधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए हमें ऐसा करना पड़ा।

नए कार्यक्रम के अनुसार, मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम 21 और 22 अप्रैल को दोनों सेमीफाइनल मैचों की मेजबानी करेगा। इसके अलावा 24 अप्रैल को तीसरे स्थान के लिए होने वाला मैच और 25 अप्रैल को फाइनल मुकाबला भी इसी स्टेडियम में खेला जाएगा।

मोदी की इस घोषणा से कुछ देर पहले ही कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सचिव ब्रिजेश पटेल ने पुलिस आयुक्त शंकर बिदारी से मुलाकात करने के बाद सेमीफाइनल मुकाबले पूर्व कार्यक्रम के अनुसार बेंगलूर में ही आयोजित कराए जाने का दावा किया था। पटेल ने कहा कि उन्होंने (पुलिस आयुक्त शंकर बिदारी) हमें पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है और मैच यहीं होंगे।
 

कोई टिप्पणी नहीं: