सांसद बिस्वाल ने बताया कि हमला प्रभात कुमार शर्मा नाम के शख्स ने किया जो पहले उनके घर काम किया करता था। उसे स्वामी के नाम से बुलाते थे। बिस्वाल के मुताबिक उन्होंने पहले से इस शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत करवा रखी।
घटना का ब्योरा देते हुए सांसद ने बताया कि आज सुबह जब वह अपने आवास के एक कमरे में गए तो वहां स्वामी को देख कर चौंक गए। वह एक ब्रीफकेस खोलने की कोशिश कर रहा था। जब सांसद ने उससे पूछा कि वह क्या कर रहा है तो उसने कहा- चुप रहो और उसने रिवॉल्वर निकाल ली। इस मौके पर दोनों में हाथापाई भी हुई। उसने सांसद के सिर पर रिवॉल्वर टिका दी और ट्रिगर भी दबाया, लेकिन किसी वजह से गोली नहीं चली।
इसके बाद सांसद ने उसका हाथ पकड़ लिया और फिर अपनी सिक्युरिटी को आवाज दी। मगर, वह उनके कब्जे से निकल कर भाग गया।
पुलिस का कहना है कि वह मामले की जांच कर रही है।
हालांकि इस घटना से जुड़े कुछ सवाल भी हैं। एक तो यह कि सांसद की ओर से घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को किसी शख्स ने फोन कर दी, लेकिन उसने अपना नाम नहीं बताया। पुलिस को फोन घटना के कई घंटे बाद गया ? दूसरा, यह कि सांसद के सुरक्षा गार्ड्स होने के बावजूद स्वामी घर के अंदर कैसे घुस गया ? पुलिस इन सवालों के जवाब ढूंढ सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें