मतदान के दौरान हेलीकाप्टर से निगरानी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 23 अक्टूबर 2010

मतदान के दौरान हेलीकाप्टर से निगरानी

बिहार विधानसभा की 243 में से 45 सीटों के लिए रविवार को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के दौरान वायु सेना के हेलीकाप्टर से निगरानी व अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ ही सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध के बीच असामाजिक तत्वों और बूथ लूटेरों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं।


राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि दूसरे चरण के 45 में से 40 सीटों के लिए सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान होगा। सुरक्षा कारणों से मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर, पारू और साहेबगंज तथा शिवहर जिले में शुक्रवार को हुए माओवादी हमले के बाद शिवहर एवं बेलसंड विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे।


पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है तथा मतदानकर्मी और सुरक्षाकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में चले गए हैं। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि दूसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं। बूथ लुटेरों और गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को देखते ही गोली मारने के आदेश सभी संबंधित जिला प्रशासन को दे दिया गया हैं।


चुनाव वाले दुर्गम इलाकों में अत्याधुनिक हथियारों से लैस घुड़सवार पुलिस तथा नदियों में मोटर वोट के माध्यम से गश्त की व्यवस्था की गई है। नीलमणि ने बताया कि गड़बड़ी की संभावना के मद्देजनर सभी मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि इसी तरह संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों को लगाया गया है।


उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर बिहार सैन्य पुलिस, जिला सशस्त्र बल समेत अन्य हथियारों से लैस पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मतदान को देखते हुए बिहार से लगे भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा को सील करके सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि आनेजाने वाले संदिग्ध लोगों को तलाशी के बाद ही छोड़ा जा रहा है। हालांकि सीमा पर सशस्त्र सीमा बल, एसएसबी के जवान पहले से ही मुस्तैद हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: