तमिलनाडु के 234, केरल के 140 और पौण्डिचेरी के 30 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता बुधवार को अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. तमिलनाडु में लगभग 4.59 करोड़ मतदाता बुधवार को 234 विधानसभा सीटों के लिए मतदान करेंगे. चुनाव प्रचार मतदान से 48 घंटे पहले सोमवार शाम थम गया, लेकिन घर-घर घूमकर मतदाताओं से सम्पर्क करने की अनुमति रहेगी. राज्य के सभी 54 हजार 340 मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस के जवान तैनात रहेंगे.
परिसीमन के कारण द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) अध्यक्ष और पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके 86 वर्षीय करुणनिधि इस बार तिरुवय्यूर से चुनाव लड़ रहे हैं. वह 1957 से ही विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और आज तक उन्हें कोई हरा नहीं सका है. ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) उम्मीदवार के.राजेंद्रन उन्हें चुनौती दे रहे हैं. डीएमके 119 सीटों पर और उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी एआईएडीएमके 160 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. दोनों पार्टियों के बीच 80 से अधिक सीटों पर सीधा मुकाबला है.
केरल में 140 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बुधवार को मतदान होगा. यहां कांग्रेस नेतृत्व वाले मोर्चा, वामपंथी दलों के मोर्चा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अलावा कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं.
पौण्डिचेरी में 30 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बुधवार को मतदान होगा. केंद्र शासित प्रदेश पौण्डिचेरी कांग्रेस का हमेशा से ही मजबूत गढ़ रहा है. यहां के ज्यादातर विधानसभा क्षेत्रों में मात्र 23 से 30 हजार मतदाता हैं. यहां डीएमके, एआईएडीएमके और भाजपा भी चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और एन.आर. कांग्रेस के बीच ही होने की उम्मीद है. पौण्डिचेरी और करिकल क्षेत्रों की 12 सीटों पर इन दोनों दलों के बीच सीधा मुकाबला है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें