पाकिस्तान में सक्रिय तहरीक-ए-तालिबान अल कायदा के मारे गए सरगना ओसामा बिन लादेन के अधूरे काम को पूरा करेगा। पाकिस्तानी तालिबान ने लादेन की मौत का बदला लेने का संकल्प एक बार दोहराया है और अपनी हिट लिस्ट में अमेरिकी खुफिया एजेंसी के साथ-साथ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भी शामिल कर लिया है।
अल कायदा की मीडिया ईकाई ने अपने सरगना ओसामा बिन लादेन का एक ऑडियो टेप जारी किया है। यह टेप उसकी मौत से एक सप्ताह पहले रिकॉर्ड किया गया था। इसमें उसने अरब जगत में जारी विरोध प्रदर्शनों को जायज ठहराया था। लादेन ने अरब जगत में हुई बगावतों की तारीफ करते हुए मिस्र और ट्यूनीशिया में विरोध प्रदर्शनों की जीत पर खुशी जाहिर की थी।
तहरीक-ए-तालिबान के डिप्टी कमांडर वलीउर रहमान ने एक समाचार एजेंसी को दिए गए इंटरव्यू में कहा कि उनके लड़ाके पश्चिमी जगत (यूरोप और अमेरिका) के खिलाफ बुलंद हौसलों के साथ जंग लड़ेंगे। रहमान ने कहा, 'हमारे पास वही योजना, लक्ष्य और मिशन है। हमारे दुश्मन हैं नाटो, यहूदी और ईसाई।' टीवी चैनल अल जजीरा को मिले एक अन्य वीडियो में तहरीक-ए-तालिबान के लड़ाके उमर खालिद ने कहा है कि वह लादेन की मौत का बदला लेगा और उसके दुश्मनों की सूची में सीआईए और आईएसआई का नाम जुड़ चुका है।
रहमान ने कहा कि ओसामा की मौत से हम टूटे नहीं हैं, बल्कि अब हमें ओसामा के मिशन को पूरा करने के लिए नया हौसला मिला है। अल जजीरा के मुताबिक रहमान ने कहा, 'अमेरिका को बदला लेने के लिए ओसामा को मारने में 11 साल लग गए। लेकिन हम अपना बदला कुछ ही महीनों में ले लेंगे।' पाकिस्तान तालिबान को पाकिस्तान के भीतर ही कार्रवाई करने के लिए जाना जाता रहा है। लेकिन हाल के कुछ दिनों में पाकिस्तान से बाहर हुई कुछ घटनाओं में इस आतंकी संगठन के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें अमेरिका के टाइम्स स्क्वेयर बिल्डिंग के पास धमाके की नाकाम साजिश और अफगानिस्तान में सीआईए के बेस पर फिदायीन हमला जैसी घटनाएं शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें