
असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में हाल में सम्पन्न विधानसभा चुनावों की मतगणना शुक्रवार 13 मई को होगी जिसमें अनेक महत्वपूर्ण नेताओं के भाग्य का फैसला होगा. चुनाव आयोग ने इन राज्यों में मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं. कुल 839 मतगणना हालों में सुबह ठीक आठ बजे से मतों की गिनती का काम शुरू होगा. मतगणना के काम में करीब 44 हजार कर्मियों को तैनात किया गया है और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 177 कंपनियां सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगी.
मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी के अनुसार मतगणना के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है और मतदान की पूरी प्रक्रिया कि वीडियोग्राफी करायी जायेगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न न रहे. उन्होंने कहा कि दोपहर के भोजन के पहले तक अधिकतर चुनाव परिणाम आ जाने की उम्मीद है.
असम में 48 स्थानों पर कुल 142 मतगणना हॉल बनाये गये हैं जहां साढ़े छह हजार चुनावकर्मी 126 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान की गिनती का काम करेंगे. इसी तरह केरल में 64 स्थानों पर 140 मतगणना हॉलों में, तमिलनाडु में 91 स्थानों पर 234 हॉलों में और पश्चिम बंगाल में 87 स्थानों पर 312 हॉलों में मतगणना का काम होगा. तमिलनाडु में करीब 17 हजार और पश्चिम बंगाल में करीब 20 हजार कर्मचारी इसमें हिस्सा लेंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें