शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे से मतभेद होने के बावजूद भतीजे राज ठाकरे ने अपने चाचा का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा ठाकरे पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा है कि हजारों करोड़ रुपए के घोटालों पर से जनता का ध्यान हटाने के लिए पवार ने शिवसेना प्रमुख पर टिप्पणी की है।
राज ने कहा कि सच कहा जाए, तो अजित पवार की उम्र को देखते हुए उन्हें बाल ठाकरे के खिलाफ बोलने की कोई जरूरत नहीं थी। परंतु पवार परिवार का कभी किसी बैंक घोटाले में, कभी किसी जमीन घोटाले में, तो कभी टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाले में गिरफ्तार शाहिद बलवा से संबंध होने का जो खुलासा प्रतिदिन हो रहा है, उससे लोगों का ध्यान हटाने के लिए अजित पवार ने सोची समझी रणनीति के खिलाफ शिवसेना प्रमुख के खिलाफ टिप्पणी की है।
पुणे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के खिलाफ की गई टिप्पणी का विरोध करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन के दौरान पवार का पुतला जलाया। राज ठाकरे ने आरपीआई अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रामदास आठवले पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मातोश्री (ठाकरे का निवास स्थान) के पास चार मंजिले एक बंगले का निर्माण क्या कर लिया, यह व्यक्ति शिवसेना के प्रवक्ता की तरह बोलने लगा है। राज ने कहा कि आठवले ने यह बंगला कैसे बनाया है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है, परंतु क्या उसे बंगले की जमीन आरक्षण में मिली है? उन्होंने कहा कि आठवले ने कभी कोई काम किया हो या फिर वे किसी व्यवसाय से जुड़े हों, ऐसा मैंने कभी नहीं सुना। यही वजह है कि आठवले ने बंगला बनाने के लिए जमीन कैसे मिली और उन्होंने उसके निर्माण के लिए पैसा कहां से लाया, यह महत्वपूर्ण सवाल है। राज ने कहा कि आठवले के बयान को ज्यादा महत्व देने की आवश्यकता नहीं है। महत्वपूर्ण है कि दादर रेलवे स्टेशन के नामांतरण का मनसे अध्यक्ष ने विरोध किया है जिसकी वजह से पूर्व सांसद आठवले ने उन्हें दलित विरोधी करार देते हुए अपनी पार्टी के झंडे में से नीले रंग को हटाने की सलाह दी थी।
राज ठाकरे ने बुधवार को इस मसले पर भी आठवले पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नीला रंग आठवले की निजी संपत्ति नहीं है। रही बात दादर स्टेशन के नामांतरण की, तो वे बाबासाहेब आंबेडकर के नाम का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि इस पूरे मुद्दे के बहाने की जा रही राजनीति और मानसिकता का विरोध कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें