
बिहार में कई नदियों के खतरे के निशान के ऊपर बहने के कारण बाढ़ की स्थिति में कई स्थानों पर कोई सुधार नहीं हुआ है, जबकि गोपालगंज जिले में पानी में बह जाने के कारण एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो चुकी है. गोपालगंज जिले के विश्वंभरपुर थाना अंतर्गत फुलवरिया गांव में बाढ़ के कारण पलायन कर सुरक्षित स्थान की ओर जाने के क्रम में मंगलवार को एक महिला और उसके भतीजे की मौत हो गयी. सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, और मधुबनी जिले में 100 से अधिक गांव बाढ की चपेट में हैं.
मुजफ्फरपुर में बेनीबाद में बागमती नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही थी. कोसी नदी का जलस्तर खगड़िया के बसुआ, महानंदा नदी का पूर्णिया के ढेंगराघाट में खतरे के निशान से ऊपर था. केंद्रीय जल आयोग सूत्रों ने बताया कि बागमती, कोसी, महानंदा, और अधवारा समूह की नदियों का जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर था. राज्य में बाढ़ के पानी में बह जाने के कारण अबतक चार लोगों की मौत हो गयी है. दो लोगों की मौत पश्चिम चंपारण के बगहा जबकि गोपालगंज में भी दो लोगों की मौत हो चुकी है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें