मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य की कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए कला अकादमी गठन करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने छाउ नृत्य गुरु गोपाल प्रसाद दुबे को इस वर्ष के लिए पदमश्री पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए कल यह घोषणा की। पदमश्री दुबे को मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित करते हुए मुंडा ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि सरायकेला छाउ नृत्य को यूनेस्को द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने छाउ नृत्य के कला पक्ष पर चर्चा करते हुए कहा कि वे इस कला की उन्नति व रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर दुबे ने कहा कि उन्हें स्वयं सम्मान की घोषणा से पूर्व इस बात का अहसास नहीं था कि उन्हें इतना बड़ा सम्मान मिल सकता है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन इस नृत्य कला से पूरी तरह जुड़ा हुआ है और इसे दुनिया के कोने कोने में ले जाने में वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें