पाकिस्तान सरकार ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए को आतंकवादी संगठन अल कायदा के सरगना रहे ओसामा बिन लादेन का पता बताने वाले डाक्टर शकील अफरीदी की संपत्ति जब्त कर ली है।
सरकार ने डा.शकील और उनकी पत्नी इमराना गफूर की सभी चल अचल सपत्ति और उन दोनों के बैंक खाते जब्त कर लिए गए हैं। पेशावर के पाश इलाके हयाताबाद स्थित शकील के मकान को कुछ दिन पहले ही सील कर दिया गया है।
शकील पर आरोप है कि उसने सीआईए के निर्देश पर ओसामा और उसके परिजनों के डीएनए के नमूने लेने के लिए फर्जी पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया था। सरकार की मंजूरी के बाद उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाया जाएगा। पाकिस्तान में अमेरिकी सील कमांडो की कार्रवाई में ओसामा के मारे जाने के बाद शकील को तोर्खाम में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के पास से तब गिरफ्तार किया गया था जब वह कथित तौर पर देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।
शकील की खुफिया जानकारी के आधार पर अमेरिकी नौसेना के सील कमांडो ने गत दो मई को पाकिस्तान सरकार को जानकारी दिए बगैर इस्लामाबाद के पास स्थित ऐबटाबाद में ओसामा के ठिकाने पर हमला करके उसे और उसके अन्य सहयोगियों को मार गिराया था। हमले के बाद पाकिस्तान ने खासी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे देश की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया था। पाकिस्तान सरकार ने यह सफाई भी दी थी कि उसे ओसामा के देश में होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अमेरिकी सरकार का कहना था कि उसने पाकिस्तान को इस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी क्योंकि ऐसा करने से यह मिशन खतरे में पड़ सकता था।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें