कांग्रेस की चेतावनी के बाद तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को कहा कि पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पंजाब और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग नहीं लेने का निर्णय किया। तृणमूल कांग्रेस नेता और राज्यसभा के सदस्य डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि मैंने ममता दीदी से बात की। वह चंडीगढ़ और लखनऊ जाने को इच्छुक थीं लेकिन पश्चिम बंगाल विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दिन वह मौजूद रहेंगी।
ममता को पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया था। ब्रायन ने सोशल नेटवर्किंग साइट टि्वटर पर भी यह सूचना दी है। उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी की चेतावनी पर टिप्पणी करने से मना कर दिया जिन्होंने दोनों शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेकर गठबंधन धर्म की लक्ष्मण रेखा पार नहीं करने की चेतावनी दी थी। कांग्रेस प्रवक्ता ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन में दूसरों से सामाजिक वार्तालाप स्वीकार्य है लेकिन अगर चीजें सामाजिक सौहार्द से परे जाती हैं तो यह अनैतिक है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें