भूतपूर्व क्रिकेट खिलाड़ी और भाजपा सदस्य कीर्ति आजाद ने शुक्रवार को लोकसभा में चेतावनी दी कि आईपीएल मैंचों के नाम पर चल रही कथित धांधलियों के खिलाफ सरकार ने अगर उचित कार्रवाई करने के लिए तुरंत कदम नहीं उठाए तो वह रविवार से फिरोजशाह कोटला में आमरण अनशन शुरू कर देंगे।
आजाद ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि आईपीएल मैचों में कुछ दिनों से रोज नई नई ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे देश शर्मसार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वीरवार रात एक पार्टी में एक विदेशी महिला के साथ आईपीएल टीम के एक खिलाड़ी ने कथित रूप से दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय मामले को ढांपने की कोशिश की जा रही है।
आज़ाद कहा कि परसों रात एक नामी कलाकार के खिलाफ गलत और शरारतपूर्ण आरोप गढ़े गए। उन्होंने कहा कि इससे कुछ दिन पहले एक स्टिंग आपरेशन में आईपीएल के पांच क्रिकेट खिलाड़ियों द्वारा स्पॉट फिक्सिंग और मैच फिक्सिंग करने का मामला सामने आया है। उन्होंने ने आरोप लगाया कि आईपीएल क्रिकेट की संस्कृति को खत्म कर उसके स्थान पर नाच गाने की संस्कृति को ला रहा है। पूर्व क्रिकेटर ने आरोप लगाया कि आईपीएल और बीसीसीआई कानून से ऊपर होने जैसा आचरण कर रहे हैं और किसी भी मामले में सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
आजाद के अनुसार टैक्स चोरी की पनाहगाहों से आईपीएल में पैसा लगाया जा रहा है। 1983 में एक दिवसीय विश्वकप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद ने कहा कि आईपीएल की धांधलियों के बारे में वह पुलिस प्रशासन सहित संबंधित लोगों को पत्र लिख रहे हैं, लेकिन कार्रवाई तो दूर उनके पत्रों का जवाब तक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आईपीएल धांधलियों को दुरुस्त करने की ओर तुरंत कदम उठाने की पहल नहीं की गई तो वह रविवार से दिल्ली के फिरोजशाह कोटला क्रिकेट मैदान में आमरण अनशन पर बैठेंगे।
आजाद ने कहा कि वह देश की आन बान शान के लिए खेले हैं और इस तरह खेल का पतन होते नहीं देख सकते। आजाद ने इसी महीने की 15 तारीख को भी सदन में यह मामला उठाया था। उन्होंने आज फिर यह मामला उठाते हुए कहा कि एक सांसद होने के बावजूद जब उनकी बात नहीं सुनी जा रही है तो उनके पास आमरण अनशन के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। जनता दल यू के शरद यादव ने आजाद के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में कुछ करना चाहिए।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें