बिहार के सीवान जिले अंतर्गत पंचरुखी रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार रात कुछ मनचलों ने एक महिला के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उन्होंने महिला और उसके बेटे को चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार दिल्ली के मुखर्जी नगर निवासी अभय दूबे अपनी पत्नी और एक वर्षीय पुत्र के साथ सीवान-छपरा रेलखंड के पंचरुखी रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से उतरे थे। इसी क्रम में चार-पांच मनचलों ने उनकी पत्नी के साथ छेड़खानी प्रारंभ कर दी, विरोध करने पर मनचलों ने उनकी पत्नी और एक वर्षीय पुत्र शुभम को चाकू घोंपकर घायल कर दिया। शुभम को गले में चाकू घोंपा गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीवान के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरूवार को बताया कि इस मामले की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें