‘खुली खिड़कियों वाला तहखाना’ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 4 नवंबर 2012

‘खुली खिड़कियों वाला तहखाना’


  • - कविता साधना है, इसको लेकर कोई हड़बड़ी नहीं होनी चाहिए - अरुण कमल
  • - कविता लिखने का कोई फार्मूला नहीं होता - खगेन्द्र ठाकुर
  • - स्त्री विमर्श या किसी अन्य विमर्श पर लिखी गई कविताएं कमजोर होती है- कृष्ण कल्पित।
  • - कविताओं को विमर्श से नहीं समझा जा सकता, कविता एक लंबी बहस है - आलोक धन्वा


 रविवार को पटना में कवि और आलोचकों का अद्भुत संगम प्रगतिशील लेखक संघ, पटना इकाई द्वारा आयोजित कवयित्री रानी श्रीवास्तव के कविता संग्रह ‘खुली खिड़कियों वाला तहखाना’ के लोकार्पण समारोह में दिखा। जिसकी  अध्यक्षता पद्मश्री रवीन्द्र राजहंस ने की तथा संचालन कवि राजकिशोर राजन ने किया। इस मौके पर आलोचक खगेन्द्र ठाकुर ने कहा कि कविता का कोई फार्मूला नहीं होता और न आलोचना किसी फार्मूले पर लिखी जाती है। रानी श्रीवास्तव की कविताएं यही बोध कराती है और विश्वास को पाले रखती है। इनकी कविताओं में मनुष्यता की चिंता है। 

वरिष्ठ कवि अरुण कमल ने कहा कि कविता लिखना साधना का काम है, इसको लेकर कोई हड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। रानी श्रीवास्तव की कविताएं पढ़ने पर वेदना दूर होती है। रश्मिी रेखा, सविता सिंह, पूनम सिंह, अनामिका जिस तरह से समकालीन हिन्दी कविता में सक्रिय हैं मेरा विश्वास है कि रानी श्रीवास्तव दूसरी पंक्ति में दिखाई देगी। उन्होंने आगे कहा कि हिन्दी में सबसे बुरा हाल छंदों का है, छंद लिखना सबसे कठिन काम है। दुनिया का हर श्रेष्ठ कवि छंद को जानता है...। कवि आलोक धन्वा ने कहा कि कविता एक लंबी बहस है और रानी श्रीवास्तव ने इसमें सुखद हस्तक्षेप किया है। इनकी कविताओं में किसी तरह की चालाकी, कौशल या छद्म दिखाई नहीं देता। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री रवीन्द्र राजहंस ने रानी श्रीवास्तव की कविताओं में संभावनाओं की प्रचूरता को रेखांकित किया। विधान पार्षद केदार नाथ पाण्डेय ने कविता को जनसाधारण का हथियार बताया। पटना दूरदर्शन के निदेशक और कथाकार कृष्ण देव कल्पित ने कहा कि समकालीन हिन्दी कविता में पिछले दस वर्षों में कवयित्रियों की जितनी संख्या बढ़ी है वह चैकाती है। स्त्री विमर्श या किसी अन्य विमर्श पर लिखी गई कविताएं कमजोर होती है। रानी श्रीवास्तव की कविताएं अलग-अलग विषयों पर लिखी गई है। कथाकार विजय प्रकाश ने रानी श्रीवास्तव की कविताओं पर समग्रता से प्रकाश डाला। कवि शहंशाह आलम ने कविता की सहजता और इनकी कविताओं में विषयगत वैविध्यता के साथ-साथ गहन सूक्ष्मता को रेखांकित किया।  

अरविन्द श्रीवास्तव ने कहा कि रानी श्रीवास्तव की कविताओं से गुजरना किसी नर्म मुलायम कोमल फर्श पर चलने का अहसास नहीं बल्कि पथरीली पगडंडियों का कठिन सफर के साथ दुष्चक्रों का चक्रव्यूह तोड़ने का नाम है, इनकी कविताओं में यर्थाथ और भोगा हुआ सच का अद्भुत सामंजस्य है, कोलाज है। ...कवयित्री का अपनी निजी दुनिया से अनुबन्ध है जिसे बगैर किसी लाग लपेट और भाषिक चमत्कार के बेझिझक सुधी पाठकों के समक्ष साझा करती है। चुप्पी भरे समय में इससे बड़ी खुशी की बात और क्या होगी ? आलोचक रेवती रमण, कवयित्री पूनम सिंह, मिथिलेश कुमारी मिश्र, डा. बीएन पाण्डेय, राकेश प्रियदर्शी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन राजकिशोर राजन एवं धन्यवाद ज्ञापन शहंशाह आलम ने किया। पटना में प्रगतिशील लेखक संघ के इस आयोजन की धमक काफी समय तक सुनाई पड़ेगी, ऐसी उम्मीद की जा सकती है। 

---अरविन्द श्रीवास्तव (मधेपुरा)---
प्रलेस मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता बिहार
मोबाइल - 09431080862. 

कोई टिप्पणी नहीं: