बोधगया के पाकरडीह गांव में मुहर्रम के अखाड़े के पास लगाए गए झंडे में आग लगा दिये जाने की घटना के बाद वहां तनाव कायम हो गया है। बोधगया में पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है और वरीय अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पाकरडीह में तनाव फैलाने के लिए शरारती तत्वों द्वारा की गयी वारदात के बाद वहां पहुंचे एसएसपी ने ग्रामीणों के साथ बैठक की और मुहर्रम भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है और अशांति फैलानेवालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीएसपी और थानाध्यक्ष को शरारती तत्वों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश दिया। इस बीच, पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अखाड़े के पास दूसरा झंडा लगाया गया। बोधगया थाने में अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कर थानाध्यक्ष ने उनका पता लगाने के लिए प्रयास तेज कर दिया है। पाकरडीह गांव में सिटी एसपी अख्तर हुसैन, एसडीओ पारितोष कुमार और डीएसपी राकेश कुमार दूबे ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें