कर्नाटक के कांग्रेस नेताओं में गहरे मतभेद की खबरों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्य में पांच मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन में मदद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एस.एम. कृष्णा को बुलाया है। कृष्णा शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि पूर्व विदेश मंत्री कृष्णा शनिवार को सोनिया से मिलेंगे और कर्नाटक के पार्टी नेताओं द्वारा चयनित नामों की सूची को अंतिम रूप देने में पार्टी अध्यक्ष की मदद करेंगे।
सूत्रों ने कहा कि सोनिया संभावित उम्मीदवारों की सौंपी गई सूची से संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए वह इस कार्य में कृष्णा की मदद चाहती हैं। बताया गया है कि सौंपी गई सूची में महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय से कम ही नाम हैं और युवा नेताओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है, जिस कारण सोनिया नाखुश हैं। संभावित उम्मीदवारों की सूची राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष जी. परमेश्वर और विधानसभा में पार्टी के नेता सिद्दारामैया एवं अन्य नेताओं ने सौंपी थी। ये नेता सोमवार से ही नई दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।
उम्मीदवारों के चयन में कृष्णा की मदद मांगे जाने से राज्य के कांग्रेस नेता अचंभित हैं, क्योंकि कृष्णा कई महीनों से पार्टी की बैठकों से दूर रहे हैं और पार्टी में उनकी भूमिका अब तक स्पष्ट नहीं थी। राज्य में विधानसभा की 225 सीटों के लिए पार्टी के 224 उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करना है और एक सदस्य को मनोनीत किया जाना है। नामांकन दाखिल करने की तिथि 10 से 17 अप्रैल तक है। पांच मई को मतदान होगा और मतगणना आठ मई को होगी।
कर्नाटक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अभी केवल एक सीट के लिए उम्मीदवार का नाम तय कर पाई है। उपमुख्यमंत्री एवं राज्य भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के.एस. ईश्वरप्पा ने बेंगलुरू में संवाददाताओं से कहा, "हम पार्टी की जिला इकाइयों के नेताओं से परामर्श कर उम्मीदवारों के नाम तय करेंगे।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें