बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में मोदी की जयकार. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 2 मार्च 2013

बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में मोदी की जयकार.


नरेंद्र मोदी के जयकारों से बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान देश की राजधानी का तालकटोरा स्टेडियम गूंज उठा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने नरेंद्र मोदी को गुजरात विधानसभा चुनावों में मिली जीत का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात में मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार जीत पर हम सभी को सुखद अनुभूति हुई है। मोदी को उन्होंने सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री करार दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में राजनाथ सिंह ने मोदी को 'लोकप्रिय मुख्यमंत्री' बताते हुए अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि गुजरात में लगातार तीसरी बार भाजपा के जीतने का पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को गर्व है। आने वाले लोकसभा चुनाव 2014 में मोदी भाजपा के प्रमुख प्रचारक के रूप में दिखाई देंगे। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका एवं यूरोपीय देशों सहित अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने गुजरात में हुए विकास तथा बेहतर प्रशासन की प्रशंसा की है।

राजनाथ ने कहा है कि मोदी के विकास मॉडल और सुशासन की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। उन्होंने मोदी को मंच पर बुलाकर माला पहनाकर स्वागत किया। देश की राजधानी में मौजूद तालकटोरा स्टेडियम में बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक जारी है। राजनाथ सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद की यह पहली बैठक है। बैठक के बाहर भी बीजेपी के कई नेता भी प्रधानमंत्री पद के लिए मोदी के नाम की वकालत करते दिखे। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मोदी के नाम का समर्थन किया। बीजेपी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि आज की बैठक में देश के अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस बैठक में सुशासन की रणनीति पर चर्चा हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: