झारखंड में दो अलग-अलग घटनाओं में गुरुवार को एक सीआईडी अधिकारी तथा इंजीनियरिंग के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, बोकारो जिले में पदस्थ पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईडी) के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) चंडी कुमार मैत्रा (59) ने अपने आवास में पंखे से लटककर फांसी लगा ली। वह इसी वर्ष जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
एक सूत्र ने बताया, "प्रतीत होता है कि कार्य का बोझ उनकी खुदकुशी का कारण बना। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा थोपे गए अत्यधिक कार्य बोझ के कारण वह मानसिक तनाव में थे।" वह सीआईडी डीएसपी के रूप में महत्वपूर्ण जांच में जुटे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं।
एक अन्य घटना में, इंजीनियरिंग का एक छात्र रांची स्थित अपने घर में पंखा में फंदा डालकर फांसी पर झूल गया। यह छात्र देवघर जिले के एक कालेज में पढ़ाई कर रहा था। वह रांची से घर लौटा था। पुलिस के मुताबिक, छात्र पढ़ाई के बोझ से परेशान था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें