संयुक्त राष्ट्र 5 शहीद भारतीय शांति सैनिकों को सम्मानित करेगा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 25 मई 2013

संयुक्त राष्ट्र 5 शहीद भारतीय शांति सैनिकों को सम्मानित करेगा


दुनिया के विभिन्न हिस्सों में संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियान से जुड़े 100 शांतिकर्मियों को संयुक्त राष्ट्र सम्मानित करेगा। इनमें 5 भारतीय शांति सैनिक भी शामिल हैं जो शहीद हो चुके हैं। कांगो में तैनात ये भारतीय शांति सैनिक एक हमले में शहीद हो गए थे। शांति सैनिकों को सम्मानित करने के लिए बुधवार को संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों का अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र की ओर से शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में इस आशय की जानकारी दी गई।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने एक संदेश में कहा, "पिछले एक साल के दौरान एक सौ ग्यारह शांतिकर्मियों की मौत हुई और संयुक्त राष्ट्र के 65 वर्षो के शांति अभियान के दौरान 3100 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवाई है। हम उनकी बहादुरी को सलाम करते हैं और उनके निधन पर शोक जताते हैं।" वर्ष 2012 के दौरान मारे गए शांति सैनिकों में पांच भारतीय शांति सैनिक भी शामिल हैं।

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में संयुक्त राष्ट्र के स्थिरता अभियान के दौरान सूबेदार जगदीश चांद, नायक कृष्ण कुमार, नायक धर्म पाल सैनी और लांस हवलदार राजिंदर सिंह शहीद हो गए थे जबकि लांस दफादार रविंद्र पूनियां लेबनान में शहीद हुए। सम्मान समारोह संयुक्त राष्ट्र के न्यूयार्क स्थित मुख्यालय के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान और विश्व के विभिन्न हिस्सों में स्थित कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: