बिहार के पूर्णिया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने मक्के के एक खेत से नग्न अवस्था में नौ वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया है। ग्रामीण इसे जहां दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला मान रहे हैं, वहीं पुलिस इस मामले को जंगली जानवर के हमले का परिणाम बता रही है। पुलिस के अनुसार विजया गांव में मक्के के खेत से नौ वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहनपुर थाना प्रभारी विद्यानंद पांडेय ने बताया कि गांव की ही एक बच्ची सुबह शौच के लिए खेत में गई थी। प्रथम दृष्टया यह मामला जंगली जानवर द्वारा हमला किए जाने का लगता है, जिसमें बच्ची की मौत हो गई। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि अज्ञात लोगों द्वारा दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है। पांडेय ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है तथा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें