रंगास्वामी कप के 64वें सीनियर राष्ट्रीय पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप में शनिवार को मौजूदा चैम्पियन मुम्बई ने पहले हाफ में 2-4 से पिछड़ने के बाद कड़े संघर्ष में झारखंड को 7-5 से मात दे दी। इस टूर्नामेंट में मुम्बई ने अब तक तीन मैचों में पहली जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में शनिवार को हुए अन्य मैचों में कर्नाटक ने मणिपुर को 4-1 से तथा उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 1-0 से हरा दिया।
मुम्बई ने इससे पहले कर्नाटक से ड्रॉ खेला था और पंजाब से हार गई थी। झारखंड के खिलाफ मुम्बई की तरफ से रोशन किशन, रवि पारीक तथा कप्तान विक्टो सिंह ने दो-दो गोल दागे और लक्ष्मण राव ने एक गोल किया। दूसरी तरफ झारखंड के लिए जॉन मिंज और दिलबर टोप्पो ने एक-एक गोल कर खाता खोला तो दीपक सोरेंग ने तीन गोल दागे।
रंगास्वामी कप के एक अन्य मुकाबले में मणिपुर पर 1-4 से जीत दर्ज करने वाली कर्नाटक के लिए कप्तान दीपक बेजीवाड़ ने दो गोल किए। कर्नाटक के लिये भी टूर्नामेंट में तीन मैचों में यह पहली जीत थी। शनिवार को टूर्नामेंट का पहला मैच उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच खेला गया। इस मैच में एकमात्र गोल उप्र की तरफ से 28वें मिनट में प्रेम कुमार ने किया। उप्र ने टूर्नामेंट में पहला मैच ड्रॉ खेला था। इस जीत के साथ उप्र के जहां चार अंक हो गए वहीं पंजाब के कुल तीन अंक हो गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें