विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद का एलेखाइन शतरंज टूर्नामेंट के दूसरे चरण में शानदार प्रदर्शन जारी है। छठे दौर में व्लादिमिर क्रैमनिक के खिलाफ बाजी ड्रॉ कराने वाले आनंद ने मंगलवार को खेले गए सातवें दौर में फ्रांस के लॉरेंट फ्रेसिनेट को मात दी।
सात दौर के बाद आनंद के चार अंक हो गए हैं और वह संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दस खिलाड़ियों वाले इस सुपर टूर्नामेंट में अब सिर्फ दो राउंड का खेल बाकी है। सफेद मोहरों से आनंद की एक बाजी बची है और उन्हें रूस के पीटर स्विडलर के साथ खेलना है। पिछली विश्व चैंपियनशिप में आनंद को कड़ी चुनौती देने वाले इजरायल के बोरिस गेलफेंड ने चीन के डिंग लिरेन को पराजित किया। इस जीत के बाद बोरिस ने फ्रांस के मैक्सिम लागराइव के साथ संयुक्त शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
दूसरे दिन तीन अन्य बाजियां ड्रॉ रहीं। इंग्लैंड के माइकल एडम्स को लागराइव के साथ अंक बांटने पड़े। वहीं रूस के निकिता वितुइगोव ने आर्मेनिया के लेवोन आरोनियन के साथ टूर्नामेंट का छठा ड्रॉ खेला। स्विडलर ने क्रैमनिक को बराबरी पर रोका। लागराइव और गेलफेंड 4.5 अंकों के साथ संयुक्त शीर्ष स्थान पर चल रहे हैं। उनके बाद आनंद, एडम्स और आरोनियन 4-4 अंक लेकर संयुक्त तीसरे नंबर पर हैं। फ्रेसिनेट 3.5 अंक के साथ छठे, जबकि क्रैमनिक और वितुइगोव 3-3 के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर चल रहे हैं। लिरेन 2.5 अंक के साथ नौवें और स्विडलर दो अंक अंतिम पायदान पर हैं।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें