बोधगया सीरियल बम धमाकों पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ऐसी घटनायें कहीं भी हो सकतीं हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे जो भी है उसे कानून के कटघरे में खड़ा किया जाए. नीतीश ने कहा कि मंदिर की आंतरिक सुरक्षा पुलिस के हवाले कर दी गई है. मोदी के भाषण से ब्लास्ट कनेक्शन को जोड़ने के दिग्विजय के ट्विट पर नीतीश ने कहा कि वह दिग्विजय के बयान पर टिप्पणी नहीं करेंगे. नीतीश ने कहा कि सीआईएसएफ मंदिर की सुरक्षा का ज़िम्मा ले.
बोधगया सीरियल बम धमाकों के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में ये कहा.इससे पूर्व नीतीश कुमार ने बोधगया में महाबोधि मंदिर परिसर और उसके पास हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की निन्दा की थी. नीतीश ने कहा था कि इन्हें अंजाम देने वालों को ढूंढ़ निकाला जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
महाबोधि मंदिर परिसर के भीतर और बाहर हुए नौ बम धमाकों के स्थल का दौरा करने के बाद नीतीश ने पत्रकारों से कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है और इसको अंजाम देने वालों को ढूंढ़ निकाला जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बोधगया पवित्र स्थान है और यहां से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है. ऐसी जगह इस प्रकार की घटना को अंजाम देना निंदनीय है. नीतीश ने कहा कि महाबोधि मंदिर को लेकर पहले से भी सतर्कता और ऐहतियात बरतने की कार्रवाई होती रही है. मंदिर के बाहर सुरक्षा इंतजाम हैं और मंदिर परिसर के अंदर भी क्लोज सर्किट टीवी लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस प्रकार से कुल नौ बम विस्फोट हुए हैं और दो बमों को निष्क्रिय किया गया है. नीतीश कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिले के सभी अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल हुए दो लोगों को भी अस्पताल जाकर हमने देखा था.
बिहार के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह सचिव, विशेष शाखा के अपर पुलिस महानिदेशक और देश के गुप्तचर ब्यूरो के संयुक्त सचिव ने घटनास्थल का मुआयना किया था. नीतीश ने कहा था कि पहले भी महाबोधि मंदिर की सुरक्षा के लिए अधिकारियों को निर्देश थे तथा इस घटना के बाद सुरक्षा और भी सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा. केंद्र सरकार से महाबोधि परिसर और उसके समीप स्थित अन्य मंदिरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने को कहा जाएगा.
उन्होंने कहा कि अभी जो भी राज्य सरकार के पास सुरक्षा बल है, उसे मंदिर की सुरक्षा के लिए लगाया गया है.
यह पूछे जाने पर कि क्या महाबोधि मंदिर पर आतंकी हमले को लेकर आईबी द्वारा पूर्व में सूचना दी गई थी, नीतीश ने कहा कि इस अवसर पर वह इतना ही कहेंगे कि इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले जो लोग होते हैं, उनका एक ही मकसद होता है.समाज में डर का वातावारण पैदा करना. उन्होंने कहा, ‘हम सभी को एकजुट रहते हुए इस परिस्थिति का मुकाबला करना है तथा इस घटना के बाद और भी जो जरूरी इंतजाम होंगे, वे किए जाएंगे.’
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें