पाकिस्तान की सेना ने जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय अधिकार वाले मेंधर सेक्टर को निशाना बनाकर गोलीबारी की। पुलिस सूत्रों ने बताया, "सुबह 6.30 बजे के करीब पाकिस्तानी सैनिकों ने मेंधर सेक्टर में एलओसी के पास दारी दाबसी क्षेत्र में पिल्ली और नोआल चौकियों पर गोली बारी की।" पाकिस्तानी सेना ने हल्के और स्वचालित हथियारों से हमला किया और भारतीय सेना ने जवाबी गोलीबारी की। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी जारी थी।
उल्लेखनीय है कि भारत के विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और पाकिस्तान के विदेश एवं राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने शुक्रवार को इस महीने के अंत में न्यूयार्क में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की बैठक की फैसले पर रजामंदी जताई थी। खुर्शीद और अजीज किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई कार्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन सम्मेलन के इतर मौके पर मिले। दोनों देशों के नेताओं ने नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम के समझौते का पालन करने की बात पर सहमति जताई थी।
दोनों देशों ने द्विपक्षीय युद्धविराम समझौते पर नवंबर 2003 में हस्ताक्षर किए थे। भारत इस साल की शुरुआत से ही पड़ोसी देश पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने के आरोप लगाता रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें