डीटीडीएस के चार्टर्ड विमान ने 17 अक्टूबर से पटना, रांची और जमशेदपुर के लिए पुन: उड़ान भरनी शुरू कर दी है. गुरुवार को इस विमान ने दो यात्रियों को लेकर जमशेदपुर से सुबह 11 बजे उड़ान भरी. यह रांची होते हुए पटना आया. जिसमें से एक यात्री रांची में उतर गया और एक यात्री पटना तक आया. विमान रांची एयरपोर्ट पर 11.20 बजे पहुंचा और 11.55 बजे रांची से पटना के लिए उड़ान भरकर 12.55 बजे पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा.
पुन: 2.15 बजे पटना से एक यात्री को लेकर रांची होते हुए जमशेदपुर के लिए उड़ान भरी और 3.15 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचा. विमान रांची से 3.40 बजे उड़ान भरकर 4 बजे जमशेदपुर पहुंचा.
परिचालन के पहले दिन बोरिंग रोड की रहने वाली 63 वर्षीय कृष्णा देवी पटना से जमशेदपुर के लिए रवाना हुई. एक यात्री के लेट पहुंचने के कारण उसका बोर्डिग नहीं कराया जा सका.
यह विमान सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरेगा. अक्टूबर महीने के अंत तक पूर्णिया के लिए भी उड़ान शुरू हो जाएगी. फिलहाल पटना से जमशेदपुर का किराया 4999 रुपये और पटना से रांची का किराया 3499 रुपये रखा गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें