भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि देश के अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। गडकरी ने कहा कि मनमोहन-सोनिया की मंडली देश लूटने में मस्त है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मथुरा (बाजन) में आयोजित विजय संकल्प रैली के दौरान कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए यह बातें कही।
चौधरी चरण सिंह का स्मरण करते हुए गडकरी ने कहा, "चौधरी साहब आजीवन किसानों के हितों की लड़ाई लड़ते रहे। किसानों के सम्मान और स्वाभिमान को कभी झुकने नहीं दिया। आज उनकी आत्मा अपने बेटे और पोते को कांग्रेस के गोद में खेलते हुए देखकर दुखी होगी।" उन्होंने कहा कि चौ. अजीत सिंह व जयंत चौधरी नारे तो किसानों का लगाते हैं किंतु राजनीति व्यक्तिगत स्वार्थ की करते हैं।
वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर हावी होते परिवारवाद पर सपा-कांग्रेस को घेरते हुए गडकरी ने कहा, "सोनिया को केवल राहुल की राजनीति और मुलायम सिंह यादव को केवल अखिलेश यादव की चिंता है। व्यक्तिगत स्वार्थ की राजनीति के कारण ही देश गर्त में जा रहा है।" गडकरी ने सभा स्थल पर उपस्थित किसानों, नौजवानों व महिलाओं का आह्वान किया कि नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करें और 2014 के लोकसभा चुनाव में केंद्र सरकार को उखाड़ फेंकें।
इससे पूर्व सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सैनिक व किसान बलिदान दे रहे हैं, किन्तु सरकार बेपरवाह है। सत्ता पर्वितन का यह युद्ध गांव से लड़ा जाएग और मथुरा व उत्तर प्रदेश को आग्रणी भूमिका निभानी पड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर में बहन की इज्जत को बचाने में शहीद हुए गौरव-सचिन के हत्यारे खुले में घूम रहे हैं। हत्यारों को सजा दिलाने के लिए संघर्ष करने वाले भाजपा विधायकों व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, रासुका लगाई गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें