उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के डौंडियाखेड़ा में चल रही खुदाई को लेकर आमने सामने आए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और संत शोभन सरकार के बीच अब मामला सुलझ गया है। भाजपा के कानपुर से विधायक सतीश महाना ने सोमवार को शोभन सरकार से मुलाकात कर मोदी के बयानों को लेकर पैदा हुए भ्रम को दूर किया। भाजपा के विधानसभा में सचेतक सतीश महाना ने बातचीत में कहा, "मैं शोभन सरकार से मिलने गया था। मोदी का बयान आने के बाद जो भ्रम पैदा हुआ था, उसे ही दूर किया गया। बाबा शोभन सरकार बहुत ही सम्मानित व्यक्ति हैं।"
महाना ने कहा कि शोभन सरकार को यह बताने की कोशिश की गई कि मोदी ने अपना बयान कांग्रेस को लेकर दिया था, न कि संत के बारे में। इसे गलत तरीके से शोभन सरकार के सामने रखा गया। उन्होंने कहा कि महंत शोभन सरकार ने मामले की गम्भीरता को समझ लिया है और उनका भ्रम भी दूर हो गया है। साथ ही भाजपा नेता महाना ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का धन वास्तव में कांग्रेस ने छुपा कर रखा है, जिसे खोजा जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि शोभन सरकार ने नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी थी जिसमें उन्होंने भाजपा सरकार पर कई तरह का आरोप लगाया था। पत्र के सामने आने के बाद हालांकि मोदी ने ट्विटर के माध्यम से शोभन सरकार के प्रति नरमी दिखायी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें