22 सितम्बर से चल रही पंचकोसी परिक्रमा पदयात्रा का विधिवत समापन 13 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे संत-धमार्चार्यो की उपस्थिति में हो जाएगा। लगातार 20 दिनों से दक्षिण भारत के संत-धमार्चार्यो के मार्गदर्शन में चल रही यात्रा रविवार को पूर्ण हो रही है। समापन में भाग लेने के लिए यात्रा के मार्गदर्शक आन्ध्र पीठाधीश्वर ब्रह्मचारी शिव स्वामी अयोध्या पहुंच गए हैं।
विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त महामंत्री वाई राघवल्लू ने बताया कि 22 सितम्बर को शिव स्वामी के नेतृत्व में आन्ध्र प्रदेश के भक्तों ने अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा प्रारम्भ की थी। इस दौरान कर्नाटक पेजावर मठ के जगदगुरु मधवाचार्य स्वामी विश्वेशतीर्थ महाराज भी कर्नाटक के भक्तों के साथ यात्रा में सम्मिलित हुए।
उन्होंने बताया कि लगातार 20 दिनों से चल रही यात्रा में आन्ध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक के संत व श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राघवल्लू के अनुसार शनिवार को तमिलनाडु के 48 संत व श्रद्धालुओं ने श्रीराम नाम पंचकुण्डीय महायज्ञ, सरयू पूजन कर रामजन्मभूमि का दर्शन करते हुए अपनी यात्रा प्रारम्भ की। रविवार को समापन पर केरल के 60 राम भक्त परिक्रमा कर इस यात्रा को पूर्ण करेंगे। उन्होंने बताया रविवार को अयोजित समापन समारोह कल्याण महोत्सव में अयोध्या के पूज्य संतों को भी आमंत्रित किया गया है। जिनका आशीर्वाद दक्षिण भारत के श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें