जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का समारोहपूर्वक समापन
- गुरूजन पठन-पाठन की गुणवत्ता में ध्यान दें-विधायक श्री बागरी
पन्ना 21 अगस्त 14/इन्स्पायर अवार्ड योजना के अन्तर्गत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का समापन आज समारोहपूर्वक किया गया। आर.पी. उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी समापन समारोह के मुख्य अतिथि गुनौर विधायक श्री महेन्द्र बागरी ने कहा कि गुरूजन पठन-पाठन की गुणवत्ता में ध्यान दें। समापन समारोह का शुभारंभ माॅ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्र्यापण एवं दीप प्रज्जवलन आमंत्रित अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री बागरी ने कहा कि इधर के वर्षो में पठन-पाठन के क्षेत्र में विकास हुआ है। वही विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन उल्लेखनीय कार्य है। गुरूजनों को ध्यान देकर बच्चों को आगे बढने, नई-नई खोज करने की शिक्षा देना चाहिए। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक भवन बनवाए जाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री बाबूलाल यादव ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन तभी सफल होंगे जब बच्चे माॅडल स्वयं की मेहनत से बनाकर प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि बाजार से खरीदे हुए माॅडल प्रदर्शन करने का कोई औचित्य नही होता। उन्होंने गुरूजनों से अपेक्षा करते हुए कहा कि वे बच्चों को प्रेरित कर नई सोच और नई खोज के माॅडल बनवाएं। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहे विशिष्ट अतिथि डाॅ. पी.पी. मिश्रा, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी पी.एन. पहारिया, राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक देवीदत्त चतुर्वेदी ने भी उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए बच्चों को आगे बढने की प्रेरणा दी। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि आर.के. सक्सेना द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस प्रदर्शनी में 338 छात्र-छात्राओं ने 82 मार्गदर्शक शिक्षकों के निर्देशन में भाग लिया और यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक फसलतापूर्वक चली। कार्यक्रम के अन्त में विन्रम आभार व्याख्याता प्रमोद अवस्थी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री मीना मिश्रा एवं श्री वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण, पत्रकारगण एवं नगर के गणमान्यजन उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय प्रशिक्षण 28 को
पन्ना 21 अगस्त 14/कलेक्टर आर.के. मिश्रा के निर्देशानुसार जिला योजना अधिकारी ने बताया है कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में विकेन्द्रीकृत नियोजन प्रणाली में समस्त वर्गो की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थानीय निकाय ग्रामीण, नगरीय विभागों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण 28 अगस्त को पूर्वान्ह 11.30 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। प्रशिक्षण राज्य योजना आयोग भोपाल के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दिया जाएगा। प्रत्येक जनपद पंचायत स्तर एवं नगरीय निकाय स्तर पर गठित नियोजन दल के कम से कम 2 अधिकारी मास्टर ट्रेनर्स के रूप में एवं एक डाटा एन्ट्री आपरेटर उपस्थित रहेंगे। जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मास्टर ट्रेनर्स जनपद, नगरीय निकाय पर तकनीकी सहायता दलों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। डाटा एन्ट्री आपरेटर जनपद, नगरीय निकाय स्तर पर ग्राम मास्टर प्लान की डाटा एन्ट्री का कार्य सम्पादित करेंगे। विभागीय अधिकारी एवं डाटा एन्ट्री आपरेटर ग्राम मास्टर प्लान के तहत प्राप्त गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
देवेन्द्रनगर एवं अमानगंज तहसील में स्वान पाॅप केन्द्र प्रारंभ
पन्ना 21 अगस्त 14/जिले की देवेन्द्रनगर एवं अमानगंज तहसील कार्यालय परिसरों में स्वतत्रंता दिवस के शुभ अवसर पर संबंधित तहसीलदार द्वारा स्वान के पाॅप केन्द्रों का शुभारंभ किया गया। देवेन्द्रनगर में स्थापित केन्द्र का प्रबंधन पदस्थ सहायक ई-गवर्नेन्स प्रबंधक राहुल तिवारी एवं अमानगंज में पदस्थ सहायक प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति में शुभारंभ किया गया। जिला ई-गवर्नेन्स सोसायटी से जिला प्रबंधक उपेन्द्र तिवारी एवं इन्जीनियर धर्मेश विश्वकर्मा ने उपस्थित रहकर केन्द्र का संचालन प्रारंभ कराया। अब इन केन्द्रों में शासन की मंशा अनुसार तहसील स्तर पर संचालित सभी कार्यालयों को स्वान के नेटवर्क से जोडकर निःशुल्क प्रदान की जाएगी। स्वान के पाॅप केन्द्र से 100 मीटर की दूरी के समस्त कार्यालयों को आर.एफ. के माध्यम से नेटवर्किंग की सुविधा देने की व्यवस्था की गई है। तहसील मुख्यालय पर तकनीकी समस्या के समाधान के लिए सहायक प्रबंधक उपलब्ध रहेंगे। जिला प्रबंधक ई-गवर्नेन्स सोसायटी ने तहसील क्षेत्र सभी कार्यालय प्रमुखों से अपेक्षा की है कि नेटवर्किंग सुविधा प्राप्त करने के लिए कलेक्टर कार्यालय के स्वान कक्ष को पत्र अनिवार्य रूप से प्रेषित करें।
लगेंगे विशेष मतदाता शिविर
पन्ना 21 अगस्त 14/उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया है कि स्वीप योजना के तहत विशेष मतदाता शिविर के लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा संशोधित कैलेण्डर जारी किया है। जिसके तहत शासकीय चिकित्सालय गुनौर में 25 अगस्त, शासकीय माॅडल काॅलेज पन्ना में 26 अगस्त, शासकीय चिकित्सालय शाहनगर में 27 अगस्त, शासकीय चिकित्सालय अजयगढ में 28 अगस्त, शासकीय चिकित्सालय रैपुरा मेें 29 अगस्त, शासकीय चिकित्सालय अमानगंज में 30 अगस्त को शिविर लगाए जाएंगे।इसी प्रकार शासकीय चिकित्सालय पवई में एक सितंबर, शासकीय चिकित्सालय देवेन्द्रनगर में 4 सितंबर, शासकीय चिकित्सालय सिमरिया में 8 सितंबर, शासकीय काॅलेज देवेन्द्रनगर में 10 सितंबर, ब्लाक हेड क्वाटर सिमरिया में 11 सितंबर, पोस्ट आफिस पवई में 18 सितंबर, शासकीय काॅलेज शाहनगर में 19 सितंबर, नगरपालिका परिषद अजयगढ में 22 सितंबर, स्टेट बैंक रैपुरा में 23 सितंबर, पोस्ट आफिस अमानगंज में 24 सितंबर, जिला चिकित्सालय पन्ना में 25 सितंबर को शिविर लगेंगे। ब्लाक हेड क्वाटर गुनौर में एक अक्टूबर, ब्लाक हेड क्वाटर रैपुरा में 20 अक्टूबर, पोस्ट आफिस सिमरिया में 21 अक्टूबर, ब्लाक हेड क्वाटर पवई में 24 अक्टूबर, ब्लाक हेड क्वाटर देवेन्द्रनगर में 25 अक्टूबर, ब्लाक हेड क्वाटर शाहनगर में 27 अक्टूबर, ब्लाक हेड क्वाटर अजयगढ में 28 अक्टूबर, ब्लाक हेड क्वाटर पन्ना में 29 अक्टूबर तथा ब्लाक हेड क्वाटर अमानगंज में 30 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे।
जरूरतमंद को मिली सहायता राशि
पन्ना 21 अगस्त 14/जनसुनवाई शाखा में आवेदक श्री सुरेन्द्र पिता स्व. श्री जमुना कोरी ग्राम बडवरा तहसील देवेन्द्रनगर द्वारा 15 मई को पिता श्री जमुना कोरी का स्वर्गवास हो जाने के कारण अंतिम संस्कार आदि के लिए सहायता राशि की मांग की गई थी। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने श्री सुरेन्द्र कोरी ग्राम बडवरा तहसील देवेन्द्रनगर को दो हजार रूपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति दी है।
सोयाबीन फसल के विपुल उत्पादन हेतु समसमायिकी सलाह
पन्ना 21 अगस्त 14/कार्यक्रम समन्वयक कृषि विज्ञान केन्द्र डाॅ. बी.एस. किरार द्वारा सोयाबीन फसल के विपुल उत्पादन हेतु समसमायिकी सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि खरपतवार प्रबंधन हेतु डोरा या कुल्पा द्वारा निंदाई गुडाई करें और श्रमिक समस्या होने पर रासायनिक दवाएं चैड़ी एवं सकरी पत्ती वाले खरपतवार के नियंत्रण हेतु इमेझेथायपर 400 मि.ली. प्रति एकड और केवल सकरी पत्ती वाले खरपतवार है तो क्वीझालोफाँप ईथाइल 400 मि.ली. प्रति एकड या फेनोक्सीप्रोप-पी ईथाइल 300 मि.ली. प्रति एकड़ 200 लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करें। वर्तमान समय में फसल में सेमीलूपर इल्ली, तम्बाकू की इल्ली, चने की इल्ली एवं चक्रभृंग के प्रारंभिक अवस्था को देखने हेतु अपने खेतों की नियमित निगरानी करें। हरी अर्धकुण्डलक इल्ली से बचाव के लिये क्वीनालफाॅस 25 ई.सी. (1.5 लीटर प्रति हेक्टेयर) या ट्राइझोफाॅस 40 ई.सी. (0.8 लीटर प्रति हेक्टेयर) या इन्डोक्साकार्ब 14.5 एस.सी. (0.5 लीटर प्रति हेक्टेयर) या राइनेक्सीपाॅयर 20 एस.सी. (0.1 लीटर प्रति हेक्टेयर) तम्बाकू की इल्ली प्रारंभिक अवस्था में जैव कीटनाषक जैसे एस.एल.एन.पी.वी. (250 एल.ई. प्रति हेक्टे.) या बेसीलस थूरिनजिंएन्सिस, बिवेरिया बेसिआना (1 लीटर प्रति हेक्टे.) का छिड़काव करें। क्वीनालफाॅस 25 ई.सी. (1.5 लीटर प्रति हेक्टे.) या ट्राइझोफाॅस 40 ई.सी. (0.8 लीटर प्रति हेक्टे.) या इन्डोक्साकार्ब 14.5 एस.सी. (0.5 लीटर प्रति हेक्टे) का छिड़काव करें। चने की इल्ली के लिये जैव कीटनाषक जैसे एच.एन.पी.वी. (250 एल.ई. प्रति हेक्टे.) का छिड़काव करें तथा आवष्यकतानुसार क्वीनालफाॅस 25 ई.सी. (1.5 लीटर प्रति हेक्टे.) या इन्डोक्साकार्ब 14.5 एस.सी. (0.5 लीटर प्रति हेक्टे) का छिड़काव करें। चक्र भृंग (रिंग कटर) के लिये ट्राइझोफाॅस 40 ई.सी. (0.8 लीटर प्रति हेक्टे.) या थाइक्लोप्रीड 21.7 एस.सी. (0.65 लीटर प्रति हेक्टे.) का छिड़काव करें।
अवैध उत्खनित एवं लावारिश बालू की नीलामी सम्पन्न
पन्ना 21 अगस्त 14/जिले की अजयगढ तहसील अन्तर्गत ग्राम मोहाना, मझगायं, उदयपुर, फरस्वाहा, खरौनी एवं बरौनी में केन नदी से अवैध उत्खनन कर बालू भण्डारित की गई थी। मौके पर बालू भण्डारण करने वाले वारिस न मिलने पर उक्त बालू को जनपद कार्यालय अजयगढ में 500 घन मीटर तथा पुलिस चैकी चन्दौरा में 2400 घन मीटर परिवहन कर खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा रखवाई गई थी। उक्त दोनों स्थानों पर भण्डारित की गई बालू की नीलामी कलेक्टर आर.के. मिश्रा के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कराई गई। नीलामी में कई व्यक्तियों ने भाग लिया। अजयगढ जनपद कार्यालय परिसर में रखी 500 घन मीटर बालू की अधिकतम बोनी 5 लाख 60 हजार रूपये तथा पुलिस चैकी चन्दौरा में रखी 2400 घन मीटर बालू की उच्चतम बोली 23 लाख 11 हजार रूपये प्राप्त हुई। इस प्रकार दोनों स्थानों की बालू की नीलामी से शासन को 28 लाख 71 हजार रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
नव साक्षरों की परीक्षा 24 अगस्त को
पन्ना 21 अगस्त 14/सचिव सह समन्वयक जिला लोक शिक्षण समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार साक्षर भारत योजना 2012 से ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित है। पंचायतों में संचालित प्रौढ शिक्षा केन्द्रों में प्रेरकों द्वारा 15 वर्ष से ऊपर की निरक्षर महिलाओं पढाने का कार्य किया जाता रहा है। इन नव साक्षरों को परीक्षा का दूसरा चरण 24 अगस्त को प्रौढ शिक्षा केन्द्र/संबंधित शासकीय शाला में प्रात 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई है। नव साक्षर अपना प्रश्न पत्र तीन घण्टे में हल कर सकेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें