देश का विदेशी पूंजी भंडार 26 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में 1.415 अरब डॉलर घटकर 314.1815 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 19,347.9 अरब रूपए के बराबर है। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को जारी साप्ताहिक आंकड़े में यह जानकारी दी। विदेशी पूंजी भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा भंडार आलोच्य सप्ताह में 1.3914 अरब डॉलर घटकर 287.3923 अरब डॉलर हो गया, जो 17,721.4 अरब रूपए के बराबर है। बैंक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार को डॉलर में व्यक्त किया जाता है और इस पर भंडार में मौजूद पाउंड स्टर्लिग, येन जैसी अंतर्राष्ट्रीय मुद्राओं के मूल्यों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर पड़ता है।
आलोच्य अवधि में देश के स्वर्ण भंडार का मूल्य बिना किसी बदलाव के 20.9331 अरब डॉलर बरकरार रहा, जो 1,265.9 अरब रूपए के बराबर है। इस दौरान देश के विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर) का मूल्य 1.74 करोड़ डॉलर घटकर 4.3072 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 265.2 अरब रूपए के बराबर है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में मौजूद देश के भंडार का मूल्य आलोच्य अवधि में 62 लाख डॉलर घटकर 1.5489 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 95.4 अरब रूपए के बराबर है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें