हिमाचल की विस्तृत खबर (11 नवम्बर) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 11 नवंबर 2014

हिमाचल की विस्तृत खबर (11 नवम्बर)

मुख्यमंत्री ने किया तीन दिवसीय हमीर उत्सव का उद्घाटन

himachal news
हमीरपुर, 11 नवंबर ( विजयेन्दर शर्मा)। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज हमीरपुर के हमीर उत्सव का शुभारम्भ किया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने गांधी चौक से शिव मंदिर तक शोभा यात्रा (जलेब) में भाग लिया तथा शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। तीन दिवसीय हमीर उत्सव का शुभारम्भ के लिए मुख्यमंत्री दिल्ली से सीधे हमीरपुर पहुंचे। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सितम्बर, 1972 में हमीरपुर जिला के अस्तित्व में आने पर हमीर उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसके पश्चात् गत 42 वर्षों में हमीरपुर ने विकास के क्षेत्र में पीछे मुडक़र नहीं देखा। यह उत्सव जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ इसके ऐतिहासिक महत्व को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विविध सांस्कृतिक धरोहर के लिए जाना जाता है, जो भाईचारे और स्नेह की भावना को प्रोत्साहित करता है। इसके पश्चात्, मुख्यमंत्री ने हमीर उत्सव की सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन किया और इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने प्रदेश की भाषा, संस्कृति तथा प्राचीन धरोहर के संरक्षण पर बल दिया और हमीरपुर के लोगों को उत्सव की शुभकामनाएं दी। हमीरपुर के उपायुक्त श्री रोहन ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। शोभा यात्रा में रंग-बिरंगे परिधानों से सुसज्ज्ति सभी वर्गों के लोग सम्मिलित हुए। मुख्य संसदीय सचिव श्री इन्द्र दत्त लखनपाल, हि.प्र. राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के उपायुक्त श्री राजेन्द्र राणा, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्री कुलदीप पठानिया, पूर्व विधायक श्रीमती अनिता वर्मा, कांग्रेस नेता श्री प्रेम कौशल, हि.प्र. शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री बलबीर तेगटा, हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक श्री अजय बोध तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ थे। इससे पूर्व, मुख्मयंत्री का हमीरपुर पहुंचने पर लोगों ने भव्य स्वागत किया।

टांडा में रोगी कल्याण समिति के माध्यम से प्रदान की जाएंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं- कौल सिंह ठाकुर

धर्मशाला, 11 नवंबर ( विजयेन्दर शर्मा)। डॉ0 राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा की रोगी कल्याण समिति द्वारा वर्ष 2014-15 में लगभग 21 करोड़ 69 लाख रुपए व्यय किए जाने का प्रावधान रखा गया है। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने आज टांडा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गत वर्ष समिति द्वारा 14 करोड़ 80 लाख रुपए का व्यय अस्पताल में विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं पर किया गया। उन्होंने कहा कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से लंबी अवधि की ऐसी योजनाओं पर व्यय किया जाएगा जिससे यह अस्पताल यहां आने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान कर सके। उन्होंने कहा कि यह संस्थान पूरे देश में बेहतर चिकित्सा संस्थानों में से एक है। सरकार का प्रयास है कि इस संस्थान को और अधिक बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने संस्थान के भवन की मुरम्मत के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाई गई जबकि इससे पूर्व की सरकार ने इसकी मुरम्मत के लिए कोई भी धन अपने कार्यकाल में उपलब्ध नहीं करवाया। स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय विधायक एवं खाद्य आपूर्ति और परिवहन मंत्री जीएस बाली तथा समिति के समस्त गैर सरकारी सदस्यों द्वारा अस्पताल में चरमराती सफाई व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए, इस परिसर की सफाई के लिए पुन: ऐसी कंपनी को टैंडर प्रदान करने का निर्णय लिया है, जो इस क्षेत्र में अच्छा अनुभव रखती हो तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हो। समिति द्वारा अस्पताल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से 50 नए वार्ड ब्यॉय रखने का निर्णय लिया गया। दूर-दूर से आने वाले बाह रोगियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त पंजीकरण काऊंटर स्थापित करने तथा पंजीकरण के लिए प्रात: 8 बजे से प्रक्रिया आरंभ करने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष अस्पताल परिसर की मुरम्मत के लिए 4 करोड़ 45 लाख रुपए व्यय करने का निर्णय लिया गया है। परिवहन मंत्री द्वारा उठाए गए मुद्दे कि मरीजों को शल्य चिकित्सा से संबंधित उपकरण बहुत मंहगी दरों पर बेचे जा रहे हैं, पर बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि विभिन्न प्रकार के शल्य चिकित्सा से संबंधित उपकरण एवं अन्य सामान अब रोगी कल्याण समिति उपलब्ध करवाएगी जोकि मरीजों को बिना लाभ, बिना हानि के उपलब्ध होंगे। अस्पताल में मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में सुलभ संस्था द्वारा सुलभ शौचालयों का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति की आय बढ़ाने के उद्देश्य से संस्थान के सभागार का किराया निजी कार्यक्रमों के लिए 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया तथा संस्थान के अतिथि गृह के चार कमरों को छोडक़र समस्त अतिथि गृह को लीज़ पर देने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त अस्पताल के प्राईवेट वार्डों का किराया 500 से एक हजार रुपए प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल के सामान्य वार्ड में दो बिस्तरों को स्थानीय पंचायत के लोगों की सुविधा के लिए आरक्षित रखने का निर्णय लिया गया तथा आपात्कालीन के समय आवश्यक दवाईयां पीडि़त को तुरंत समिति के माध्यम से नि:शुल्क प्रदान करने के निर्देश प्रधानाचार्य को दिए गए। इस संदर्भ में आपात्कालीन ओपीडी में होर्डिग्ज़ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल में शीघ्र ही डिजीटल एक्स-रे यूनिट स्थापित किया जा रहा है तथा मरीजों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड व सिटी स्कैन की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने इस दौरान जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गत दो वर्षों में 428 विभिन्न चिकित्सकों के पदों को भरा गया है तथा इस अवधि के दौरान प्रदेश में 60 नए चिकित्सा संस्थान स्तरोन्नत एवं खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 30 करोड़ रुपए दवाईयों को प्रदान करने पर व्यय किए गए हैं तथा जैनेरिक दवाईयां मरीजों को उपलब्ध करवाने पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों द्वारा मरीजों को लिखे जा रहे गैर जरूरी परीक्षण एवं दवाईयां की जांच करने के उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सकों द्वारा 3 माह के दौरान रोगियों को लिखी गई दवाईयां एवं विभिन्न परीक्षण का ऑडिट किया गया है तथा इसी तर्ज पर प्रदेश के दोनों मैडीकल कॉलेजों में भी इस तरह का परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष चिकित्सा सुविधाओं पर 1165 करोड़ रुपए व्यय करने का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में 45-45 करोड़ रुपए की लागत से मंडी व शिमला में कैंसर अस्पताल तथा जोनल अस्पताल मंडी व कमला नेहरू अस्पताल शिमला में 100 बिस्तरों वाले मातृ शिशु सुपर स्पेशएलिटी अस्पताल खोलने का निर्णय लिया गया है। जच्चा-बच्चा को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार शत-प्रतिशत प्रसूति स्वास्थ्य संस्थानों में करवाने का प्रयास कर रही है। इस  उद्देश्य से जच्चा-बच्चा को घर तक छोडऩे के लिए प्रदेश में 125 नई गाडिय़ां आगामी कुछ दिनों में संस्थानों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं तथा 108-एम्बुलैंस की संख्या को बढ़ाकर 182 किया गया है। बैठक में परिवहन मंत्री जीएस बाली सहित स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त सचिव वनीत चौधरी, उपायुक्त कांगड़ा सी.पॉलरासु, संस्थान के प्रधानाचार्य अनिल चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीएम गुप्ता, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सुमन वर्मा सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

गावों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सरकार की सर्वोच्च प्रथमिक्ता: कौल 
  • बुटेल और कौल सिंह ने किया पालमपुर अस्पताल का दौरा

himachal news
पालमपुर, 11 नवंबर ( विजयेन्दर शर्मा)। गावों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना  प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्रथमिक्ता है यह जानकारी स्वास्थ्य, राजस्व एवं विधि मंत्री श्री कौल सिंह ठाकुर ने मंगलवार को सीविल अस्पताल पालमपुर का दौरा करने के पश्चात दी। उनके साथ विधान सभा अध्यक्ष श्री बृज बिहारी लाल बुटेल भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश की 90 प्रतिशत आबादी गावों में रहती है और सरकार ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ कर रही है, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जमीन उपलब्धता होने पर चिकित्सकों के लिए अवासीय भवन भी बनाए जायेंगे, जिससे यहां तैनात चिकित्सक दिन रात लोगों की सेवा के लिए वहीं उपलब्ध रह सकें। श्री ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में लगभग 60 नए स्वास्थ्य संस्थान खोले हैं। उन्होंने कहा इनमें नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा पुराने स्वास्थ्य संस्थानों को स्तरोन्नत भी किया है। उन्होंने बताया कि 10 पीएचसी अस्पतालों को सीएचसी और 7 सीएचसी अस्पतालों को सीविल अस्पतालों में स्तरोंन्नत भी किया गया है। उन्होंने कहा कि पालमपुर अस्पताल में इंडोर और आउट डोर ओपीडी को देखते हुए यहां बिस्तरों की संख्या को बढ़ाने के मामले पर विचार किया जायेगा, इसके स्तरोंन्नत के लिए विभाग से रिर्पोट मांगी जायेगी। उन्होंने पालमपुर सीविल अस्पताल में प्राईवेट वार्ड और अतिरिक्त भवन के लिए विभाग को डीपीआर इत्यादि तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्राईवेट वार्ड बनने से लोगों को सुविधा के साथ-साथ अस्पताल को भी आमदनी में भी इजाफा होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने पालमपुर अस्पताल में जमीन की उपलब्धता होने पर चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ क्वाटर बनाने की बात कही। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष श्री बृज बिहारी लाल बुटेल ने कहा कि पालमपुर अस्पताल को क्षेत्र का बेहतरीन अस्पताल बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सरकार ने सभी चिकित्सकों एवं अन्य पद भर दिये हैं, जिससे लोगों को सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर में जिला के अन्य अस्पतालों की अपेक्षा सबसे अधिक ओपीडी होने के चलतेे इस अस्पताल को स्तरोन्नत करने का मामला सरकार के समक्ष रखा गया है। उन्होंने अस्पताल में आईसीयू और अस्पताल में सुरक्षा सुविधा इत्यादि के बारे में मांग रखी। इस अवसर पर, नगर परिषद के अध्यक्ष बलवंत ठाकुर, सीएमओ कांगड़ा डॉ0 बी एन गुप्ता, एसडीएम एवं रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र अत्री, समिति के सदस्य, ब्लड बैंक सोसायटी से गोपाल सूद, एसएमओ डॉ0 विनय महाजन सहित अस्पताल के चिकित्सक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बागवानी मंत्री की फल उत्पादकों एवं प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक 26 नवम्बर को

शिमला, 11 नवंबर ( विजयेन्दर शर्मा)। बागवानी मंत्री श्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि वह फल उत्पादकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए फल उत्पादक संघों, प्रगतिशील किसानों, कमीशन एजेंटों तथा कार्टन निर्माताओं के साथ 26 नवम्बर, 2014 को शिमला में एक बैठक करेंगी। श्रीमती स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानी क्षेत्र में आवश्यक सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य की सेब आर्थिकी सुदृढ़ हो सके। उन्होंने कहा कि बैठक में फल व्यापार से जुड़े बिचौलियों द्वारा सेब उत्पादकों के शोषण पर विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी। बागवानी मंत्री ने कहा कि बिचौलियों द्वारा सेब उत्पादकों को पेटियों में क्षमता से अधिक सेब भरने के लिए बाध्य करके किए जा रहे शोषण पर चर्चा की जाएगी और सेब उत्पादकों की इस समस्या से निजात पाने को लेकर लम्बे समय से चली आ रही मांग का सौहार्दपूर्ण हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार, भारत सरकार के वाणिज्यिक मंत्रालय के भारतीय पैकेजिंग संस्थान द्वारा विकसित नई गत्ते की पेटियों को शुरू कर रही है, जिसके लिए 10,90,903 रुपये व्यय किए गए हैं। श्रीमती स्टोक्स ने कहा कि हिमाचल में सभी फल कमीशन एजेंटों से आवश्यक बैंक गारंटी मामले पर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कमीशन एजेंट दुकान बंद करता है अथवा किसानों को भुगतान किए बिना भाग जाता है तो सरकार प्रदेश के किसानों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए कमीशन एजेंट द्वारा जमा की गई गांरटी की राशि को बैंक से निकाल लेगी। वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया तथा भवन निर्माण एवं कामगार श्रम कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा द्वारा 11 नवम्बर, 2014 को शिमला से जारी प्रेस वक्तव्य वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया तथा भवन निर्माण एवं कामगार श्रम कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा ने भाजपा नेताओं के उस बयान पर कड़ा एतराज जताया है जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में देश के जाने-माने उद्योगपतियों के साथ इंवेस्टर मीट को एक सैर सपाटे की संज्ञा दी है। उन्होंने भाजपा नेताओं के इस बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा है कि ऐसा लगता है कि भाजपा को प्रदेश में औद्योगिक विकास से कोई मलतब नहीं है। श्री पठानिया श्री बाबा ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन तथा उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से इंवेस्टर मीट सफल रही और देश के विख्यात उद्योगपतियों ने हिमाचल प्रदेश में अपनी इकाइयां स्थापित करने की सैद्धातिंक हामी भरी है, जो प्रदेश के लिए सराहनीय एवं ऐतिहासिक है। कांग्रेस नेतओं ने कहा कि भाजपा को प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं लगता, उन्हें तो केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने और प्रदेश के लोगों को झूठे बयान देकर गुमराह करने की आदत पड़ गई है। उन्होंने कहा कि इंवेस्टर मीट मुम्बई, बैगलुरू, अहमदाबाद में उद्योगपतियों के साथ हुई बैठकों में मुख्यमंत्री वरीभद्र सिंह और उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों को दिए जा रहे प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी दी है, जिससे उद्योगपतियों का रूझान हिमाचल प्रदेश की ओर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इंवेस्टर मीट एक ऐतिहासिक निर्णय था, जिससे प्रदेश में आने वाले दिनों में औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करने के बजाये भाजपा सरकार के इन प्रयासों की आलोचना करने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयान उनकी हताशा को दर्शाते हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं है। 

कूहलों पर व्यय होंगे 102 लाख: बुटेल

himachal news
पालमपुर, 11 नवंबर ( विजयेन्दर शर्मा)। विधान सभा अध्यक्ष, श्री बृज बिहारी लाल बुटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पालमपुर विधान सभा क्षेत्र के लिए बड़ी योजनाओं की डीपीआर तैयार करने के लिए कार्य करें, जिससे इन योजनाओं के दूरगामी परिणाम समाने आयें।। विधान सभा अध्यक्ष मंगलवार को पालमपुर लोक निर्माण विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ पालमपुर निर्वाचन क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। श्री बुटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए वह स्वयं पंचायतों का दौरा कर लोगों की समस्याओं का निपटारा करें। उन्होंने पालमपुर विधान सभा क्षेत्र की सडक़ों के शीघ्र रिपेयर, टारिंग एवं ड्रैन इत्यादि का कार्य पूरा करने के आदेश दिये। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को विस क्षेत्र में नए संपर्क मार्गों की पहचान कर सर्वेक्षण करने के आदेश दिये। उन्होंने पालमपुर शहर के नए वाईपास मार्गों की पहचान कर सर्वेक्षण करने के आदेश दिये। उन्होंने कहा कि वाईपास मार्गों के निर्माण से पालमपुर शहर में टैऊफिक समस्या से निजात मिलेगी। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि भू-संरक्षण विभाग के माध्यम से चार कूहलों पर 102 लाख रुपये व्यय कर 100 हैक्टियर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने कहा कि कपूर बस्ती कूहल घाड़ पर 29 लाख, डोंड खड्ड कूहल टाण्डा के निर्माण को 32 लाख, भट्ट कूहल आसन पट्ट पर 28 लाख और जूहल बडहूल कूहल पर 13 लाख रुपये स्वीकृत किये गए हैं। उन्होंने अधिकरियों को आदेश दिये कि सरकार की कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाए। इसके पश्चात विधान सभा अध्यक्ष ने जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत टाण्डा में लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकतर समस्याओं का निपटारा किया।

कोई टिप्पणी नहीं: