दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। 24 प्रत्याशियों की इस सूची में पार्टी ने दिल्ली के अपने तमाम कद्दावर सूरमाओं को जगह दी है। इस सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली व पूर्व मंत्री हारून यूसुफ सहित चार पूर्व मंत्रियों के नाम शामिल हैं। यह पहला मौका है जब पार्टी ने चुनाव की घोषणा से पहले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।
कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री द्वारा बृहस्पतिवार को जारी की गई पार्टी प्रत्याशियों की इस सूची को लेकर कहा यह जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति ने कुल 25 उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया था। लेकिन कृष्णा नगर से पार्टी प्रत्याशी बनाए गए बंसीलाल के नाम पर पार्टी के ही कुछ नेताओं द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने की दलील दिए जाने के बाद उनके नाम की घोषणा रोक दी गई।
पिछले विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर जीत दर्ज करने वाले शोएब इकबाल तथा कांग्रेस के सभी आठ पूर्व विधायकों को दोबारा चुनाव मैदान में उतारा गया है। वहीं, पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे 16 प्रत्याशियों में से 11 को पहली सूची में जगह मिली है। महरौली तथा तुगलकाबाद से उन्हीं उम्मीदवारों को फिर से टिकट दिया गया है जिन्हें पार्टी हाईकमान ने कुछ महीने पहले यहां से उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन विधानसभा भंग होने के कारण उपचुनाव नहीं कराए जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें