खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि आतंकवादी एयर इंडिया की दिल्ली-काबुल फ्लाइट का अपहरण कर सकते हैं। खुफिया सूत्रों का कहना है कि फ्लाइट के संभावित अपहरण से जुड़ी यह जानकारी बेहद अहम है। सूत्रों ने बताया कि इस चेतावनी के बाद दिल्ली स्थित आईजीआई एयरपोर्ट को अलर्ट कर दिया गया है और वहां के कर्मचारियों तक की सख्ती से जांच की जा रही है। इस अलर्ट के बाद एयरपोर्ट पर कई स्तरों पर जांच की जा रही है, ताकि किसी भी खतरे को टाला जा सके।
सूत्रों के अनुसार ग्राउंड कर्मियों को यात्रियों के अलावा कैबिन से जुड़े सभी लोगों की भी जांच करने के लिए कहा गया है। खास सर्तकता बरतते हुए एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में कमांडो को भी तैनात किए जाने की खबर है। फ्लाइट मार्शलों की संख्या भी बढ़ा दी गई है और सभी से पूरी तरह सतर्क रहने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि 1999 में आईसी 814 विमान का आतंकियों ने कंधार में अपहरण कर लिया था, इस बार भी इसी तरह की किसी घटना की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले शनिवार की शाम कोलकाता के एयर इंडिया कार्यालय में धमकी भरा फोन काल आया था तथा इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई थी। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी थी। यह कॉल शनिवार की शाम पांच बजकर 40 मिनट पर सिटी बुकिंग आफिस के अधिकारियों को मिली थी। इसके बाद बउबाजार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी थी। प्रवक्ता ने कहा कि ब्यूरो आफ सिविल एविएशन से संपर्क किया गया तथा सभी मानक एहतियाती कदम उठाये गये।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें