बिहार में सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। नीतीश कुमार ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। राज्यपाल से मिलने के बाद नीतीश ने कहा कि हमारे पास 130 विधायकों का समर्थक है। वही आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी नीतीश का समर्थन करने का ऐलान किया है। लालू ने कहा कि नीतीश की अगुवाई में बिहार में नई सरकार बनाएंगे। वहीं जीतन राम मांझी को जेडीयू से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। मांझी को जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए बर्खास्त कर दिया है।
जेडीयू का कहना है कि मांझी पार्टी के निर्देश नहीं मान रहे थे और इसलिए पार्टी आलाकमान ने ये फैसला लिया है। जेडीयू नेता अली अनवर का कहना है कि मांझी बीजेपी के ट्रैप में आकर फंस गए हैं, बीजेपी ने हमारी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की है, लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं हो पाएगी। वहीं बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन का कहना है कि मांझी कान्फिडेंट दिख रहे हैं, जबकि नीतीश खेमे में हताशा दिख रही है। नीतीश खेमा अपना घर संभाल नहीं पा रही है और इल्ज़ाम बीजेपी पर लगा रही है।
उधर जेडीयू के ही दलित विधायक और पूर्व मंत्री रमई राम ने मांग की है कि उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाया जाए। रमई राम ने कहा है कि मेरा दावा बनता है। मैं सीनियर आदमी हूं, मेरा हक है कि मुझे डिप्टी सीएम बनाया जाए। मैंने नीतीश कुमार से ये बात कह दी है और अपना हक जो नहीं मांगता वो बेवकूफ होता है और मैं बेवकूफ नही हूं। हम नीतीश को ही सीएम बनाना चाहते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें