राहुल के करीबी युवा नेताओं ने कांग्रेस की 19 अप्रैल की प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। माना जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ ही राहुल गांधी भी इस रैली को संबोधित करेंगे। मोदी सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल के विरोध में होने वाली इस रैली को सफल बनाने के लिए लाखों लोगों को लाने की योजना है। राहुल गांधी के दो करीबी नेता, राजस्थान के सचिन पायलट और हरियाणा के दीपेंद्र हुड्डा दोनों राज्यों से लोगों को लाने में जुटे हुए हैं। सचिन पायलट राजस्थान से एक स्पेशल ट्रेन ‘किसान एक्सप्रेस’ लेकर आ रहे हैं, जिसमें राजस्थान के लोग होंगे। इस ट्रेन में महिलाओं के लिए एक अलग कोच होगा और पूरी ट्रेन को कांग्रेस के झंडे और बैनरों से पाट दिया जाएगा। बैनर्स पर जो नारे लिखे होंगे उनमें से एक है ‘नरेंद्र मोदी किसान विरोधी’।
पायलट की तरह हुड्डा भी हरियाणा से काफी संख्या में लोगों को रैली में लाने की योजना पर काम कर रहे हैं। हरियाणा के लोगों को गुलाबी रंग का साफा पहनने को कहा गया है। हुड्डा के मुताबिक, पिंक कलर राज्य में समृद्धि का प्रतीक है। हुड्डा के मुताबिक, यूपीए के शासन के दौरान किसान समृद्ध और सुखी थे और कांग्रेस उनको यही याद दिलाना चाहती है। राजस्थान और हरियाणा के अलावा, यूपी और बिहार से भी काफी लोगों को लाने की योजना है। बिहार में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 350 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं जो 16 दिन चलेगी। इस पदयात्रा के दौरान जनता को दिल्ली की रैली के बारे में बताया जा रहा है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें