हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होंगी लग्जरी बसें: जी.एस. बाली
धर्मशाला, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । परिवहन मंत्री श्री जी.एस. बाली ने आज यहां कहा कि प्रदेश में यात्रियों एवं पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के बेड़े में शीघ्र ही नई लग्जरी बसें शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि नई लग्जरी व वातानुकूलित बसें खरीदने की प्रक्रिया प्रगति पर है। यह बसें राज्य के मुख्य नगरों को जोड़ेंगी। बाली आज यहां हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की वाहन क्रय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से निगम राज्य में वातानुकूलित और लग्जरी बस सेवाएं आरम्भ करेगा, जो सभी प्रमुख नगरों के लिए चलेंगी।परिवहन मंत्री ने कहा कि निगम एक नई पहल करते हुए शिमला, मनाली और धर्मशाला से चण्डीगढ़ के सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं से युक्त 7 से 12 सीटों की लग्जरी वाहन चलाएगा। इन वाहनों से पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होने के अतिरिक्त उन्हें विभिन्न पर्यटन गणतव्यों पर पहुंचने के लिए आरामदायक एवं वहन करने योग्य वाहन सुविधा उपलब्ध होगी। बैठक में 10 सुपर लग्जरी वातानुकूलित बसें तथा 13 छोटे वाहन खरीदने का निर्णय लिया गया। समिति ने 12 वातानुकूलित बसें खरीदने पर भी सहमति व्यक्त की, जिसके लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री अशोक तिवारी, विशेष सचिव (वित्त एवं योजना) श्री अक्षय सूद, निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा वाहन क्रय समिति के गैर सरकारी सदस्य बैठक में उपस्थित थे।
मसरूर को किया जाएगा पर्यटन की दृष्टि से विकसित: विप्लव ठाकुर
धर्मशाला, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत मसरूर गांव को आदर्श गांव बनाया जाएगा। यह जानकारी राज्य सभा सांसद श्रीमती विप्लव ठाकुर ने इस संदर्भ में आयोजित की गई जिला स्तरीय समन्वयता कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। श्रीमती ठाकुर ने बैठक के दौरान जिला में इस कमेटी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए इस संदर्भ में कार्य कर रहे विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा किए जा रही कार्य योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मसरूर गांव को आदर्श गांव बनाने के लिए समस्त विभागों का योगदान नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गांव को पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा देने के लिए यहां मूलभूत सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर विभाग को अपने विभाग से संबंधित समस्त सेवाओं को बेहतर प्रकार से गांव में उपलब्ध करवाना होगा। उन्होंने कहा कि समस्त विभाग इस संदर्भ में गांव के स्थानीय निवासियों को जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविरों का आयोजन भी करें। विप्लव ठाकुर ने मसरूर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में चारदीवारी व गैट के प्राकलन बनाने के निर्देश दिए तथा इस कार्य को करने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को इस संदर्भ में विस्तारपूर्वक कार्य योजना बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग इस योजना को व्यवहारिक रूप देने के लिए समयबद्ध कार्य करें तथा तैयार की गई कार्य योजना को उपायुक्त कांगड़ा को भी प्रस्तुत करें। उन्होंने पर्यटन तथा वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह मसरूर गांव के लिए उनसे संबंधित विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का समय-समय पर स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मसरूर के साथ लगते क्षेत्र नंदपुर, गुलेर तथा हरिपुर के सौन्दर्यकरण के लिए भी योजना बनाने को कहा ताकि इन स्थलों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि साथ लगते क्षेत्रों के विकसित होने से यहां आने वाले पर्यटक मसरूर के साथ-साथ इन स्थलों का भी भ्रमण कर यहां की नैसर्गिक सौन्दर्य का आनंद ले सकेगें। उन्होंने स्थानीय निवासियों के जीवनस्तर में सुधार लाने एवं गांव में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सम्बन्धित विभागों से इसके लिए प्रभावी योजना क्रियान्वित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मसरूर में आने वाले पर्यटकों के ठहरने के लिए गांव में ही व्यवस्था हो सके इसके लिए गांववासियों को होम स्टे जैसी महत्वकांक्षी योजना से जोडऩे एवं इस व्यवसाय के तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्रदान करने को भी बल देने की आवश्यकता है। बैठक के दौरान उपायुक्त कांगड़ा रितेश चौहान ने कहा कि मसरूर गांव को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लोगों को जागरूक करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है जो इस संदर्भ में कार्य कर रही है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर, उप-निदेशक डीआरडीए कुलवीर राणा, मसरूर पंचायत की प्रधान श्रीमती प्रेम लता सहित पंचायत के प्रतिनिधि, जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थी अब हिंदी माध्यम से भी परीक्षा दे सकेंगे
धर्मशाला, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थी अब हिंदी माध्यम से भी परीक्षा दे सकेंगे। यह जानकारी कुलपति कुलदीप अग्निहोत्री ने मंगलवार को धर्मशाला में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की बैठक में फैसला लिया गया है कि विज्ञान संकाय में पहले विद्यार्थी सिर्फ अंग्रेजी माध्यम से ही परीक्षा दे पाते थे लेकिन अब विद्यार्थियों का हिंदी माध्यम से भी परीक्षा देने का प्रावधान किया गया है। अग्निहोत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय में दो नए कोर्स शुरू किए जाएं। इनमें एक सर्टिफिकेट कोर्स इन गोजरी जबकि दूसरा सर्टिफिकेट कोर्स गुज्जरों के इतिहास व संस्कृति पर होगा। इसके अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय में एमए संस्कृत भी शुरू की जाएगी। इसमें प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस भी नहीं वसूली जाएगी। भारतीय भाषा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।कुलपति ने बताया कि शीघ्र ही बीएससी ऑनर्स की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय में योग केंद्र की भी स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में स्तरीय व गुणवत्तायुक्त शिक्षा के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
22 जुलाई तक बंद रहेगी खड़ा डंडा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही: रितेश
धर्मशाला, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । जिलादण्डाधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा रितेश चौहान ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि धर्मशाला मैक्लोडग़ंज वाया खड़ा डंडा मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही आज 23 जून से 22 जुलाई, 2015 तक पूर्ण रूप से बंद रहेगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग पर उच्च न्यायालय के विश्राम गृह से डेलक अस्पताल तक कंकरीट निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है जिस कारण मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस अधिसूचना को जनहित में जारी किया जा रहा है ताकि इस मार्ग पर किसी प्रकार की कोई दुर्घटना घटित न हो। उपायुक्त ने बताया कि इस दौरान स्थानीय लोग उपायुक्त निवास से होकर जाने वाले मार्ग का प्रयोग कर सकते है। उन्होंने इस कार्य के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि निर्माण कार्य को समय पर पूरा किया जा सके।
नशे के विरूद्ध दौड़ा धर्मशाला, शिक्षा और खेल जुड़े तो बचा जा सकता है नशे से: रितेश
धर्मशाला, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । जिला पुलिस द्वारा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों बारे जागरूक करने एवं इस बुराई से बचे रहने के उद्देश्य से मादक जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस. एल. शर्मा ने शहीद स्मारक में विभाग द्वारा महिला एवं पुरूष वर्ग की 10 किलोमीटर लम्बी जागरूकता दौड़ (धर्मशाला टेन के रन) को हरी झंडी दिखा कर किया। आयोजित की गई इस दौड़ प्रतियोगिता में साई स्पोर्टस हॉस्टल, विभिन्न स्थानीय विद्यालयों, महाविद्यालय, हिमाचल प्रदेश पुलिस, रेलवे सुरक्षा पुलिस सहित जिला के अन्य विभिन्न संस्थानों के लगभग 250 महिला एवं पुरूष प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह दौड़ शहीद स्मारक से प्रात: 7:30 बजे आरम्भ हो कर सिविल लाईन, चीलगाड़ी, कोतवाली बाजार, श्याम नगर, राम नगर, दाडऩू, दाड़ी इत्यादि से होते हुए सिन्थैटिक ट्रैक चेलियां में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त कांगड़ा रितेश चौहान ने की। समापन समारोह के दौरान उपायुक्त ने अपने अविभाषण में प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों से आहवान् किया कि वह सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने का संकल्प लें। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा आरम्भ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज हमारी युवा पीढ़ी इस लत में जकड़ती जा रही है जिसे इससे दूर रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता शिवरों के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिभावक का भी यह कर्तव्य है कि वह अपने बच्चों की हर गतिविधि पर नजर रखे तथा उनके साथ दोस्तों सा व्यवहार कर हमेशा उन्हें सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा दें। रितेश चौहान ने कहा कि बिना खेल गतिविधियों के शिक्षा का अर्थ पूर्ण नहीं होता है। अत: प्रत्येक युवा को शिक्षा के साथ-साथ किसी न किसी प्रकार की खेल गतिविधियों में अवश्य सम्मिलित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से युवाओं के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनका शारीरिक विकास भी बेहतर ढंग से होगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया। आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में महिला वर्ग में कुमारी किरण सहदेव ने प्रथम स्थान, स्वाती कुमारी व कनीजो बेगम ने क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त कर 10 हजार, 8 हजार व 6 हजार रूपये की नगद राशि प्राप्त की। इसके अतिरिक्त सात अन्य प्रतिभागियों को एक-एक हजार रूपये के पुरस्कार भी प्रदान किए गए। पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान अनिल गेमा पंवर ने प्राप्त किया जबकि दूसरे व तीसरे स्थान पर दिनेश कुमार व सुजुमन रहे जिन्हें 10 हजार, 8 हजार व 6 हजार दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य सात स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी महिला वर्ग के समान राशि प्रदान की गई। इस समारोह में सहायक पुलिस अधीक्षक पंकज शर्मा, कुमारी शालिनी अग्निहोत्री, उप पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल, जिला खेल अधिकारी महेन्द्र प्रताप भराडिय़ा, कोच महेन्द्र सैनी सहित विभिन्न विभुतियों ने भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य सेवन दिवस पर परिचर्चा का आयोजन
धर्मशाला, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में गैर सरकारी संगठन ‘गुजंन’ के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य सेवन एवं अवैध तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर परिचर्चा एवं कवि सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। यह जानकारी देते हुए लोक सम्पर्क विभाग के प्रवक्ता मनोज सूद ने बताया कि यह कार्यक्रम होटल धौलाधार में 25 जून को प्रात: 10.30 बजे आरंभ होगा। परिचर्चा की अध्यक्षता डॉ0 वेद प्रकाश अग्नि एवं कवि सम्मेलन की अध्यक्षता प्रो0 परमानंद शर्मा करेंगे।
आपदा प्रबन्धन समितियां गठित: बलवान चंद
हमीरपुर, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । आपदा से निपटने के लिये सुजानपुर उपमण्डल के तहत ग्राम पंचायत जोल, वीर बगेहड़ा, बैरी, जंगल, खैरी, पंचायतों के लिए पंचायत स्तर पर आपदा प्रबन्धन समितियां गठित की गईं। यह जानकारी उपमण्डलाधिकारी बलवान चंद ने दी। उन्होंने बताया कि समितियों में शामिल सदस्यों को आगामी बरसात के मौसम पर चर्चा करते हुए किसी भी प्रकार की आपदा से तुरन्त निपटने और बचाव एवं राहत उपलब्ध करवाने के टिप्स दिए गये। गठित आपदा प्रबन्धन समितियों की सूचना बी0डी0ओ0 के माध्यम से एस0डी0एम0 कार्यालय को भेजना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबन्धन की सूचना देने के लिए उपमंडल में कन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा जिसका सम्पर्क नम्बर क्षेत्र की समस्त पंचायतों को दिया जाएगा, ताकि आपदा के दौरान सूचित किया जा सके। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबन्धन समितियों को विशेष रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिसमें उन्हें आपदा से निपटने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। उन्होंने संबन्धित पंचायतों के सदस्यों से आग्रह किया कि इन क्षेत्रों का अधिकतर क्षेत्र ब्यास नदी के साथ लगता है, इसलिये अपनी पंचायत के वसिदों को जागरूक करें कि ब्यास नदी के तट से दूरी बनाए रखें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा सके।
बसें नई समय-सारणी अनुसार चलाएं: आरटीओ
हमीरपुर, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, किशोरी लाल ने जिला के समस्त प्राईवेट बस आप्रेटरों और क्षेत्रीय प्रबन्धक हिमाचल पथ परिवहन निगम, हमीरपुर को सूचित किया है कि माननीय उच्च न्यायालय, हिमाचल प्रदेश के आदेशों की अनुपालना में जिला में नई समय-सारणी 28 जून से लागू कर दी है। उन्होंने समस्त बस मालिकों को अपनी पुरानी समय-सारणी कार्यालय में जमा करवा कर नई समय-सारणी प्राप्त कर उसके अनुसार बसों को चलाने को कहा है। उन्होंने कहा है कि उल्लघंन कर्ता के विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
रेंज कार्यालय हमीरपुर 6 जुलाई को वन उत्पाद होगा नीलाम
हमीरपुर, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । वन मण्डलाधिकारी, हमीरपुर ने जानकारी दी कि रेंज हमीरपुर के तहत फॉरेस्ट गार्ड हट करोट में पड़े वन उत्पाद रेंज कार्यालय हमीरपुर में 6 जुलाई को 11 बजे रेंज अधिकारी, हमीरपुर की अध्यक्षता में नीलाम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नीलाम किए जाने वाला वन उत्पाद 160 खैर के लट्ठ (हर्टवूड) 0.744 क्यूविक मीटर लगभग 11.16 क्विंटल और 133 खैर के लट्ठ (छाल सहित) 1.367 क्यूविक मीटर लगभग 16.40 क्विंटल शामिल हैं। उन्होंने इच्छुक बोली दाता बोली देने से पूर्व 1000 रूपये धरोहर राशि जमा करवाना सुनिश्चत करें जोकि बोली उपरान्त लौटा दी जाएगी जबकि सफल बोलीदाता की राशि बोली गई अन्तिम राशि में समायोजित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वन उत्पादन का निरीक्षण इच्छुक अपने स्तर पर दर्शाए गये स्थल पर कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिये रेंज अधिकारी, हमीरपुर से सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं।
स्कूलों के 38 अंशकालीन जलवाहक दैनिक भोगी बने
हमीरपुर, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । उप निदेशक, उच्चतर शिक्षा सोमदत्त संख्यान ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार की नीति के अनुसार जिला में 38 अंशकालीन जल वाहकों को 23 जुलाई से दैनिक भोगी के पद पर परिवर्तित किया गया। उन्होंने बताया कि संबन्धित 38 अंशक ालीन से दैनिक भोगी पर पर परिवर्तित कर्मचारियों को अब दैनिक भोगी सेवादारों को सरकार द्वारा निर्धारित दैनिक दर पर वेतन मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिन पाठशालाओं के अंशकालीन जल वाहकों को दैनिक भोगी बनाया गया उन पाठशालाओं में अब अंशकालीन जल वाहक का पद समाप्त हो गया है।
माह जुलाई में 10 परिवार नियोजन शिविर : डॉ सवित्री कटवाल
हमीरपुर, 23 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । जिला स्वास्थ्य सेवाएं एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा माह जुलाई के दौरान जिला में 10 परिवार नियोजन शिविरों को आयोजित करने की सूची जारी कर दी है। संबन्धित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को इन शिविरों में आने वाले सभी मामलों को पूरी छानबीन करने के निर्देश दिये गये हैं। ग्राही के हस्ताक्षर के बाद ही संबन्धित दस्तावेज पूरी तरह पूर्ण समझे जाएंगे। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सवित्री कटवाल ने दी। उन्होंने बताया कि संबन्धित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने तथा शल्योत्तर परीक्षण के लिये तैयार रहने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि माह जुलाई में स्वास्थ्य खण्ड बड़सर के अन्तर्गत सीएचसी बड़सर में 7 जुलाई को को तथा पीएचसी भोटा में 4 जुलाई को परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया जाएगा । उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खण्ड नादौन के तहत सीएचसी नादौन में 1 जुलाई को सांयकाल के समय और प्रात:काल के समय पीएचसी कांगू में, 6 जुलाई को स्वास्थ्य खण्ड टौणी देवी के तहत सामुदायिक अस्पताल टौण देवी में , स्वास्थ्य खण्ड सुजानपुर के तहत 2 जुलाई को सीएचसी सुजानपुर में प्रातकाल के समय , स्वास्थ्य खण्ड गलोड़ के तहत सीएचसी गलोड़ में 4 जुलाई को सांयकाल के समय तथा स्वास्थ्य खण्ड भोरंज के तहत सीएचसी भोरंज में 6 जुलाई को प्रातकाल के समय और क्षेत्रीय अस्पताल, हमीरपुर में 3 जुलाई और 17 जुलाई को परिवार नियोजन शिविरों का आयोजन किया जाएगा ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें