अधिकारियों के निरीक्षण में बिना सूचना के गायब मिले 3 शिक्षक, शिक्षकों को दिया गया कारण बताओ नोटिस
आधुनिक संचार सुविधाओं और तकनीक का उपयोग कर शालाओं की शिक्षण व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए बनाये गये शाला दर्पण मोबाईल एप्प के माध्यम से अधिकारियों द्वारा किये गये निरीक्षण के परिणाम भी सामने आने लगे है। शाला दर्पण एप्प की सहायता से अधिकारियों द्वारा गत दिनों किये गये निरीक्षण में 3 शिक्षक शाला से बिना सूचना के गायब मिले है। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने इन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा है। शाला दर्पण मोबाईल एप्प से निरीक्षण के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक हाई स्कूल या हायर सेकेंडरी स्कूल आबंटित कर दिया गया है। जिला पंजीयक सुश्री निधी जैन ने 27 जुलाई को हाई स्कूल गर्रा का निरीक्षण किया तो संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 दीपावली बिसेन शाला से अनुपस्थित मिली। इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री आर.पी. ठाकरे ने 22 जुलाई को हायर सेकेंडरी स्कूल भानेगांव का निरीक्षण किया तो वहां के अध्यापक अरूण पटले एवं संविदा शिक्षक वर्ग-01 लिखेश्वर चंदनवार शाला से अनुपस्थित पाये गये। बालाघाट एस.डी.एम. श्री डी.एस. परस्ते द्वारा 30 जुलाई को हाई स्कूल धनुसवा का निरीक्षण किया गया तो शाला के प्राचार्य श्री के.एस. पटले शाला में प्रात: 11.15 बजे तक उपस्थित नहीं हुए थे।जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.पी. लाल ने इन तीनों शिक्षकों एवं धनसुवा के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये। इन शिक्षकों एवं प्राचार्य को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इनके विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
धपेरा एवं ददिया में अवैध रूप से डंप रेत की 7 अगस्त को होगी नीलामी
कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने लालबर्रा तहसील के ग्राम धपेरा एवं ददिया में अवैध रूप से भंडारित कर रखी गई रेत की आगामी 07 अगस्त को नीलामी करने के आदेश दिये है। इन दोनों स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित रेत की आफसेट प्राईज एक लाख 19 हजार 250 रु. रखी गई है। नीलामी की कार्यवाही इन ग्रामों में रेत के भंडारण स्थल पर दोपहर 2 बजे से की जायेगी। ग्राम धपेरा में 750 घनमीटर रेत का अवैध रूप से भंडारण करके रखा गया है। इस रेत की आफसेट प्राईज 93 हजार 750 रु. रखी गई है। इसी प्रकार ग्राम ददिया के टोलाघाट रास्ते पर 204 घनमीटर रेत का भंडारण करके रखा गया है। इस रेत की आफसेट प्राईज 25 हजार 500 रु. रखी गई है। जो कोई भी व्यक्ति इस लावारिस रेत को खरीदना चाहता है वह नीलामी में बोली लगा सकता है। बोली लगाने के इच्छुक व्यक्ति को आफसेट प्राईज की 25 प्रतिशत राशि बोली लगाने के पहले जमा करना होगा। सफल बोली लगाने वाले को बोली की सम्पूर्ण राशि अगले दिन खनिज शाखा बालाघाट में जमा कराना होगा।
विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत 31 जुलाई को मीडिया कार्यशाला का आयोजन
विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत 31 जुलाई को मीडिया कार्याशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला में शिशु को स्तनपान कराने के प्रति जागरूकता के उपायों पर चर्चा की जायेगी। सभी मीडिया प्रतिनिधियों को कार्यशाला में आमंत्रित किया गया है। कार्यशाला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रात: 11 बजे से प्रारंभ होगी।
31 जुलाई को ई.व्ही.एम. का होगा भौतिक सत्यापन
नगर पंचायत लांजी के अध्यक्ष एवं पार्षदों के निर्वाचन के लिए आगामी 12 अगस्त को नगरीय क्षेत्र लांजी में मतदान कराया जायेगा। मतदान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों के द्वारा कराया जायेगा। इसके लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। नगर पंचायत लांजी के चुनाव के लिए ई.व्ही.एम. के भौतिक सत्यापन का कार्य 31 जुलाई को प्रात: 11 बजे से पुराने कलेक्ट्रेट भवन स्थित ई.व्ही.एम. वेयर हाउस में किया जायेगा। राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों से कहा गया है कि वे 31 जुलाई को प्रात: 11 बजे ई.व्ही.एम. वेयर हाउस खोलते समय वे स्वयं उपस्थित रहें या अपने प्रतिनिधि को उपस्थित रहने कहें।
वोटर आई.डी. कार्ड को आधार नम्बर से लिंक कराने कालेजों में लगेंगें शिविर, शिविरों की तिथियां निर्धारित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदाताओं के वोटर आई.डी. कार्ड( मतदाता परिचय पत्र) को उनके आधार कार्ड नं. से लिंक कराया जाना है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री व्ही. किरण गोपाल ने जिले के सभी महाविद्यालयों में शिविर लगाने के निर्देश दिये है। महाविद्यालयों में लगाये जाने वाले शिविरों की तिथियां भी तय कर दी गई है। मतदाता पहचान पत्र को उनके आधार कार्ड नम्बर से लिंक कराने के लिए आगामी 03 अगस्त को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट व शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय वारासिवनी, 04 अगस्त को कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय बालाघाट, 05 अगस्त को शासकीय महाविद्यालय बैहर, कटंगी व लालबर्रा, 06 अगस्त को शासकीय महाविद्यालय लांजी व खैरलांजी तथा 07 अगस्त को शासकीय महाविद्यालय मलाजखंड व परसवाड़ा में शिविर लगाया जायेगा। महाविद्यालयों में लगने वाले इन शिविरों में कालेज के समस्त शासकीय सेवकों व उनके परिवार के सदस्यों, कालेज के छात्र-छात्राओं तथा उनके परिवार के सदस्यों के मतदाता परिचय पत्र को उनके आधार कार्ड नम्बर से लिंक कराया जायेगा। जिले के मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने मतदाता परिचय पत्र को आधार कार्ड से लिंक करायें। इसके लिए म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग की वेवसाईट या टोल फ्री नम्बर 1950 पर काल करके या मोबाईल नम्बर 51969 पर एस.एम.एस. द्वारा ईपिक नम्बर और आधार नम्बर भेजकर अपना मतदाता परिचय पत्र आधार कार्ड से लिंक कराने कहा गया है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक-119 में भी कोई भी मतदाता अपना मतदाता परिचय पत्र एवं आधार साथ में लाकर अपने मतदाता परिचय पत्र को आधार कार्ड से लिंक करा सकता है। अपने आधार कार्ड नम्बर को फोटो युक्त मतदाता परिचय पत्र से लिंक कराने का कार्य वेवसाईट www.nvsp.in पर भी किया जा सकता है। वोटर आई.डी. कार्ड को आधार कार्ड से लिंक कराने का कार्य 31 जुलाई 2015 तक 40 प्रतिशत, 31 अगस्त तक 60 प्रतिशत तथा 30 सितम्बर तक 90 प्रतिशत एवं 15 अक्टूबर तक 100 प्रतिशत पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना, द्वारका पुरी के लिए 20 अगर्स्त को रवाना होगी विशेष ट्रेन
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत आगामी 20 अगस्त को बालाघाट से द्वारकापुरी के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी और 25 अगस्त 2015 को वापस गोंदिया पहुंचेगी। इस योजना के अंतर्गत द्वारका पुरी की यात्रा करने के इच्छुक व्यक्ति आगामी 09 अगस्त 2015 तक अपने क्षेत्र के तहसील कार्यालय में आवेदन कर सकते है। तहसील कार्यालय से आवेदन पत्र 10 अगस्त को संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के कार्यालय में प्रस्तुत किये जायेंगें। अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय से आवेदकों की सूची 11 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत की जायेगी। 13 अगस्त को आवेदकों की सूची कलेक्टर कार्यालय से आई.आर.सी.टी. सी. भोपाल को भेज दी जायेगी। द्वारकापुरी यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए भोजन, ठहरने आदि की सम्पूर्ण व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी। यह व्यवस्था म.प्र. शासन द्वारा की गई है। उल्लेखनीय है कि म.प्र. सरकार द्वारा 60 वर्ष या उससे अधिक की आयु के बुजुर्गों को जो आयकर दाता नहीं है और म.प्र. के निवासी है, अपने खर्च पर तीर्थयात्रा कराई जा रही है।
नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए 30 सितम्बर तक आवेदन पत्र आमंत्रित, 09 जनवरी 2016 को होगी परीक्षा
भारत सरकार के मानव सांसाधन विकास मंत्रालय द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी में शिक्षा सत्र 2016-17 में कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए इच्छुक छात्र-छात्राओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। आवेदन पत्र आगामी 30 सितम्बर 2015 तक विकासखंड शिक्षा कार्यालय में जमा कराये जा सकते है। प्रवेश के लिए आगामी 09 जनवरी 2016 को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.एम. टेंभुर्नेकर ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी में शिक्षा सत्र 2016-17 में कक्षा 6 वीं प्रवेश के लिए आगामी 09 जनवरी 2016 को विकासखंड मुख्यालय बैहर, बालाघाट, बिरसा, कटंगी, खैरलांजी, किरनापुर, लालबर्रा, लांजी, परसवाड़ा एवं वारासिवनी में चयन परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए आगामी 30 सितम्बर 2015 तक आवेदन पत्र भरकर जमा किये जा सकते है। आवेदन पत्र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय व सहायक आयुक्त आदिवासी कार्यालय बालाघाट तथा जिले के सभी विकासखंडों के बी.आर.सी. कार्यालय में उपलब्ध करा दिये गये है। आवेदन पत्र इनमें से किसी भी कार्यालय से नि:शुल्क प्राप्त किये जा सकते है। शिक्षा सत्र 2015-16 की कक्षा 5 वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्रायें इस चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन फार्म भर कर 30 सितम्बर तक विकासखंड शिक्षा कार्यालय में जमा करा सकते है। आवेदन पत्र वेवसाईट www.navodaya.nic.in से भी डाउनलोड किये जा सकते है। नवोदय विद्यालय जिले की एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्था है। इस संस्था में प्रवेशित छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क शिक्षा, पाठय सामग्री, गणवेश, भोजन एवं छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
धान का रोपा लगाने में वैनगंगा नहर प्रणाली बनी 155 ग्रामों के किसानों का सहारा, नहरों के लाईनिंग कार्य से सिंचाई की क्षमता बढ़ी
इस वर्ष मध्यप्रदेश के 5 जिलों में अल्प वर्षा हुई है, उनमें बालाघाट जिला भी सम्मिलित है। अल्प वर्षा के कारण प्रदेश के सर्वाधिक धान उत्पादक जिले में धान की खेती प्रभावित हुई है। कम वर्षा के कारण किसान धान का रोपा नहीं लगा पा रहे है। लेकिन इन विपरीत परिस्थितियों में वैनगंगा नहर प्रणाली किसानों के लिए बड़ा सहारा बनी है। ढूटी परियोजना की नहरों से सिंचाई कर किसान धान का रोपा लगा रहे है। वैनगंगा संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री सुभाष पटेल ने बताया कि वैनगंगा नहर प्रणाली से 31 हजार 971 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में सिंचाई की क्षमता है। पूर्व में नहरों की खराब हालत होने के कारण पूरी क्षमता के साथ सिंचाई करना संभव नहीं था। प्रदेश सरकार द्वारा 128 करोड़ रु. की लागत से वैनगंगा नहर प्रणाली की नहरों का लाईनिंग का कार्य कराया गया है। इस कार्य के पूर्ण होने से नहरों से पूरी क्षमता के साथ किसानों को धान का रोपा लगाने के लिए पानी दिया जा रहा है। इन दिनों कम वर्षा होने के कारण धान का रोपा लगाने के लिए अधिक पानी की आवश्यकता पड़ रही है। जिसके कारण अंतिम छोर के ग्रामों में पानी पहुंचाने में समस्या आ रही है। 14 जुलाई 2015 से वैनगंगा नहर प्रणाली की नहरों में 800 क्यूसेक जल प्रवाहित किया जा रहा है। जिससे विकासखण्ड लालबर्रा, वारासिवनी एवं खैरलांजी के कृषकों द्वारा धान रोपण का कार्य किया जा रहा है, जो इस तथ्य को प्रमाणित करता है कि वास्तव में वैनगंगा नहर प्रणाली बालाघाट जिले की जीवन रेखा है। वैनगंगा कछार के अन्तर्गत वैनगंगा नदी पर ग्राम ढुटी के निकट वर्ष 1916 में ढुटी वियर का निर्माण किया गया था। वियर के बांये पार्श्व से निस्पादित वैनगंगा नहर प्रणाली का निर्माण वर्ष 1911 से 1923 के बीच पूर्ण कराया गया था। यह नहर प्रणाली बालाघाट जिले की जीवन रेखा कहलाती है। अविभाजित मध्यप्रदेश की यह पहली वृहद् सिंचाई परियोजना है, जिसका 11िटिश शासन काल के दौरान निर्माण कराया गया था। इस योजना से बालाघाट जिले की लालबर्रा, वारासिवनी एवं खैरलांजी तहसील के लगभग 155 ग्रामों के 31 हजार 971 हे. में सिंचाई होती है।प्रारम्भ में इस योजना का निर्माण कार्य 26 हजार 305 हे. में खरीफ सिंचाई के लिये किया गया था। उन्नत कृषि एवं सिंचाई के लिए पानी की मांग को दृष्टिगत रखते हुये वर्ष 1962-63 में नहर प्रणाली का जीर्णोद्वार कर नहर की रूपांकित सिंचाई क्षमता 31 हजार 971 हे. की गई। लगभग 50 वर्षों से नहर का कोई जीर्णोद्वार कार्य नही कराया गया है। वार्षिक अनुरक्षण की राशि से ही नहर प्रणाली से प्रति वर्ष सिंचाई की जाती रही, जिससे नहर प्रणाली के दोनों पार्श्व (बैंक) लगभग आधे-आधे कट गये थे एवं दब गये थे। जल प्रवाह के दौरान नहर में होल लग जाते थे एवं नहर टुट भी जाती थी। जिसके कारण नहर प्रणाली से रूपांकित जल प्रवाह क्षमता 847 क्यूसेक संभव नही हो रहा था। इस कारण मेंडकी एवं वारासिवनी शाखा नहर के कमाण्ड क्षेत्र के अंतिम छोर तक पानी नही पहुंचने से विगत 22 वर्षों से मेंडकी शाखा नहर के कमाण्ड क्षेत्र के 17 ग्राम एवं वारासिवनी शाखा के 15 ग्राम सिंचाई से वंचित हो गये थे। परिणामस्वरूप वैनगंगा नहर प्रणाली के कमाण्ड क्षेत्र 31 हजार 971 हे. रूपांकित सिंचाई रकबा की तुलना में औसतन 27 हजार हे. में ही सिंचाई हो रही थी । वैनगंगा नहर प्रणाली की जर्जर स्थिति को दृष्टिगत रखते हुये शासन द्वारा नहर के रिस्ट्रक्चरिंग एवं आधुनिकीकरण कार्य के लिए एम.पी. वाटर सेक्टर रिस्ट्रक्चरिंग प्रोजेक्ट मद में वैनगंगा मुख्य नहर, मेंडकी शाखा नहर, वारासिवनी शाखा नहर (कि.मी. 10.00 तक) एवं इनकी वितरक/ मायनर नहरों के आधुनिकीकरण कार्य हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है। अब तक 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य वर्षा काल के पश्चात पूर्ण किया जावेगा।
कौशल उन्नयन प्रशिक्षण के लिए 13 अगस्त तक आवेदन पत्र आमंत्रित
जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति बालाघाट को मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन प्रशिक्षण योजनांतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के 120 प्रशिक्षणार्थियों को रोजगारमूलक गतिविधियों का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अनुसूचित जाति के युवा आगामी 13 अगस्त 2015 तक कार्यालय जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति बालाघाट में आवेदन पत्र जमा कर सकते है। प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले युवा को मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और राज्य शासन द्वारा घोषित अनुसूचित जाति वर्ग का होना चाहिए। आवेदक को नि:शुल्क प्रशिक्षण के लिए शिक्षित बेरोजगार या शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) होना चाहिए। आवेदक को न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8 वीं पास अथवा पाठयक्रम के अनुसार निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता भी मान्य होगी। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना चाहिए। आवेदक के माता पिता या अभिभावक अथवा स्वयं की आय गरीबी रेखा के नीचे होना चाहिए। इस योजना के अंतर्गत किसी अभ्यर्थी द्वारा प्रशिक्षण का लाभ केवल एक बार ही लिया जा सकेगा। आवेदकों को डोमेस्टिक/कामर्शियल, इलेक्ट्रीशियन, इण्डस्ट्रियल/कस्ंट्रक्शन, कम्प्यूटर आपरेटक, आईटी. हार्डवेयर टेक्निशियन, गार्मेंट टेरलिंग, टीवी. एवं डी.टी.एच. टेक्निशियन, प्लम्बर, फिटर, मेशन फे11किेशन, वेल्डर/आर्क/पाईप/गैस, पेंटर, हाऊस/इन्डस्ट्री, टेक्निशियन ट्रेक्टर, रेफ्रिजरेटर मैकनिक, एससी. प्लांट मैकेनिक, मैकनिक फोरव्हीलर, टूव्हीलर, आटो इलेक्ट्रिशियन, ड्रायवर कम मैकनिक, फैशन डिजाईनिंग, सिक्यूरिटी गार्ड, बी.पी.ओ. रिटेल, खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक आवेदक अपने आवेदन पत्र कार्यालयीन समय में प्राप्त कर कार्यालय जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, बालाघाट में दिनांक 13 अगस्त 2015 तक जमा कर सकते हैं तथा कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07632-241047 पर जानकारी भी प्राप्त कर सकते है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें