नयी दिल्ली, 22 दिसंबर, दिल्ली से रांची जा रहा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक चार्टर्ड विमान आज सुबह यहां आपात स्थिति में उतरते वक्त द्वारका इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट, सह पायलट और तीन अधिकारियों समेत सभी दस यात्रियों की मौत हो गई। मारे गए लोग बीएसएफ की इंजीनियरिंग टीम के सदस्य थे। यह हादसा इतना भीषण था कि इसमें विमान के परखच्चे उड गए। शुरुआती खबरों में इसमें दो लोगों के मारे जाने की खबर आई थी लेकिन बाद में सभी दस यात्रियों के मारे जाने की पुष्टि की गई। इस विमान का इस्तेमाल कयी बार अति विशिष्ट लोगों को लाने ले जाने के लिए भी किया जाता रहा है। इस हादसे में विमान के मुख्य पायलट भगवती प्रसाद, सह पायलट राजेश शिवरेन और डिप्टी कमांडेंट डी कुमार समेत बीएसएफ की इंजीनियरिंग टीम के सदस्य श्री राघवेंद्र, छोटेलाल, एस एम शर्मा, रवींद्र कुमार, डीपी चौहान, सुरेंद्र सिंह और के. रावत मारे गए हैं। बीएसएफ के प्रवक्ता कमांडेंट पराशर ने बताया कि यह हादसा द्वारका के पास शाहाबाद-मोहम्मदपुर रेल स्टेशन से कोई 50 मीटर की दूरी पर सुबह करीब दस बजे हुआ। बीएसएफ के ‘सुपरकिंग’ विमान ने सुबह नौ बजकर 35 मिनट पर दिल्ली के हवाईअड्डे से रांची के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के पांच मिनट बाद ही विमान का संपर्क नियंत्रण कक्ष से टूट गया। विमान आपात स्थिति में वापस हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश कर रहा था कि उसी समय वह एक पेड और फिर हवाई अड्डे की एक दीवार से टकराकर एक टंकी में जा गिरा और उसमें आग लग गई । घटना की सूचना मिलते ही एबुंलेंस और 15 दमकल गाडियां तथा अापदा प्रबंधन टीम राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंच गई। गृहमंत्री राजनाथ सिंह , उपराज्यपाल नजीब जंग, बीएसएफ के महानिदेशक और दिल्ली पुलिस आयुक्त भी घटनास्थल पहुंचे। घटना स्थल पर भारी भीड जमा हो जाने के कारण पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पडी। राहत कार्य चलाने के लिए पूरे इलाके को घेर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और गृहमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनो के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। विमान हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नागर विमानन राज्यमंत्री महेश शर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह दुर्घटना कम दृश्यता की वजह से हुई या फिर तकनीकी खराबी के कारण। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विमान का ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह का पता चल सकेगा। बीएसएफ के पास तीन सुपरकिंग विमान है। आज जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ उसे बीएसएफ के बेेड़े में 1995 में शामिल किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के विमान के आज यहां दुर्घटनाग्रस्त होने और उसमे सवार सभी 10 लाेगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया साथ ही उनके परिजनों के प्रति गहरी समवेदना जतायी है। श्री मोदी ने कहा कि विमान दुर्घटना की खबर से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के परिजनाें के प्रति समवेदना जतायी। विमान दुर्घटना की खबर मिलते ही दुर्घटनास्थल पहुंचे श्री राजनाथ सिंह ने यह दुर्घटना बहुत ही दुखद और स्तब्धकारी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति समवेदना जतायी। श्रीमती गांधी ने दिल्ली एयरपोर्ट के पास हुयी दुर्घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति समवेदना व्यक्ता की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें