दुमका 26 अगस्त, झारखंड की समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने 21वीं सदी को ‘डिजिटल युग’ बताया और कहा कि देश में भी अब डिजिटल क्रांति का सूत्रपात हो चुका है। डा. मरांडी ने आज यहां झारखंड की उप राजधानी दुमका में आयोजित स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम में उपस्थित सखी मंडल की बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल क्रांति पूरे देश में आ चुकी है। झारखंड के लोगों को अब डिजिटल अपनाना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास के अथक प्रयासों से झारखण्ड बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है। समाज के साथ सभी राज्यवासी विकास की ओर लगातार अग्रसर हैं। समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि झारखण्ड सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के धरातल उतरने की खुशी आज सखी मंडल के बहनों के चेहरों पर साफ दिख रही है। समाज और खुद को कैसे आगे बढ़ाया जाता है, हमें ऐसे लोगों से सीख लेनी चाहिये। उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री दास राज्य के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने सखी मंडल को फोकस किया है। झारखण्ड गठन के बाद पहली बार सखी मंडल को सरकार द्वारा लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संगठन के माध्यम से विकास की क्रांति आई है। बेसहारा और असहाय को सरकार ने सहारा दिया है। सखी मंडल द्वारा रोजगार तथा अर्थव्यवस्था सुधारने का काम किया जा रहा है। सरकारद्वारा महिलाओं को सम्मान दिया जा रहा है।
डा. मरांडी ने कहा कि सखी मंडल के बाद मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य में उद्यमी बोर्ड बनाया जा रहा है। इसमें आने वाले समय में दीदी और बहने काम करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। गांव और शहर के लोगों के बीच की दूरी को मिटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आमजनों के कंधे पर कई जिम्मेवारियां दी हैं । मंत्री ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वच्छता रघुवर सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ झारखण्ड के निर्माण में तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को पूरा करने में अपना योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन अपने घर में शौचालय का प्रयोग करें तथा आस पास के लोगों को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करें। डा. मरांडी ने कहा कि खुले में शौच मुक्त समाज ही विकसित समाज बन सकता है। उन्होंने कहा कि सखी मंडल का सर्वांगीण विकास हो रहा है। राज्य की हजारों सखी मंडलों को रोजगार देने का कार्य किया जा रहा है। सखी मंडल की बहनें अपने हुनर के माध्यम से स्वयं को सशक्त एवं स्वावलम्बी बना रही हैं। समाज में क्रांति और समाज को आगे बढ़ाने में सखी मंडल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें