बिहार में अंधेर नगरी, चौपट राजा : शरद यादव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा , झंडा ऊँचा रहे हमारा। देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने पर सभी देशवासियों को अनेकानेक शुभकामनाएं व बधाई। 'लाइव आर्यावर्त' परिवार आज़ादी के उन तमाम वीर शहीदों और सेनानियों को कृतज्ञता पूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नमन करता है। आइए , मिल कर एक समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। भारत माता की जय। जय हिन्द।

सोमवार, 25 सितंबर 2017

बिहार में अंधेर नगरी, चौपट राजा : शरद यादव

system-destroy-in-bihar-sharad-yadav
पटना 25 सितम्बर, बिहार में महागठबंधन से नाता तोड़े जाने से नाराज जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने आज कहा कि राज्य में अंधेर नगरी और चौपट राजा है जिसके कारण विधि-व्यवस्था तो ध्वस्त हो ही चुकी साथ ही हर स्तर पर लूट मच गई है। श्री यादव अपनी संवाद यात्रा के दूसरे चरण की शुरूआत करने से पूर्व यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि बिहार में अंधेर नगरी और चौपट राजा होने के कारण कानून-व्यवस्था समाप्त हो गयी है। अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है और अब उनमें कानून का भय नहीं रह गया। उन्होंने कहा कि लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा कि देश में पहली बार हुआ है कि बिहार के भागलपुर में उद्घाटन से पहले ही बांध टूट गया। बिहार में हर स्तर पर लूट मची हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी संवाद यात्रा देश के किसानों और नौजवानों के लिए है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की छात्राओं पर पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय का स्वर्णिम इतिहास रहा है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की पूछताछ के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। 


वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि श्री यादव जिस तरह का बयान दे रहे हैं उससे यह स्पष्ट है कि वह हताशा में हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें श्री यादव से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री यादव वास्तव में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के परिवार की विरासत को बचाने में लगे हैं।  जदयू के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधान परिषद के सदस्य नीरज कुमार ने श्री यादव की संवाद यात्रा पर चुटकी लेते हुए कहा कि नवरात्र में मां दुर्गा उन्हें (श्री यादव ) ज्ञान का बोध करायें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर श्री यादव को अपना नजरिया स्पष्ट करना चाहिए। जदयू के ही प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा कि नवरात्र के समय पूजा का माहौल रहता है और ऐसे समय में भी श्री यादव अपना दुखड़ा रोने के लिए आयें हैं। उन्होंने कहा कि बिहार तो दूर उन्हें अपने पुराने संसदीय क्षेत्र मधेपुरा में भी लोगों का समर्थन नहीं मिल रहा है। वहीं, दूसरी ओर राजद के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास व्यापक जनाधार है। उनकी संवाद यात्रा नीतीश सरकार के लिए परेशानी का कारण बनेगी। उन्होंने कहा कि श्री यादव की यात्रा बिहार के लिए सुखद साबित होगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: