23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 तक होंगे टोक्यो ओलम्पिक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 31 मार्च 2020

23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 तक होंगे टोक्यो ओलम्पिक

olympic-news-date-announce
टोक्यो, 30 मार्च, वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण स्थगित किये गए टोक्यो ओलम्पिक अब 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 तक कराये जाएंगे और अब तक जिन खिलाड़ियों ने ओलम्पिक कोटा हासिल किया है उनका कोटा बना रहेगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। टोक्यो ओलम्पिक का आयोजन इस वर्ष 24 जुलाई से होना था। आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने सोमवार को कहा था कि कोरोना वायरस के कारण 2021 तक स्थगित किये गए टोक्यो ओलम्पिक के लिए नयी तारीखों की घोषणा इसी सप्ताह की जायेगी लेकिन आईओसी ने मोरी के साथ बातचीत कर इसके कुछ घंटे बाद घोषणा की कि टोक्यो ओलम्पिक का आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 तक होगा जबकि पैरालम्पिक का आयोजन 2021 में 24 अगस्त से पांच सितम्बर तक किया जाएगा। यह ओलम्पिक के मूल कार्यक्रम से एक दिन पहले के दिन हैं। टोक्यो ओलम्पिक को इस वर्ष 24 जुलाई से शुरू होना था और इसका समापन नौ अगस्त को होना था। लेकिन मोरी ने बताया कि 2021 में इसे 23 जुलाई से आठ अगस्त तक कराया जाएगा। आईओसी ने सभी राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों को भेजे पत्र में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक खेल महासंघों, राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों के महाद्वीपीय संघों और टोक्यो आयोजन समिति के बीच जल्द तालमेल के कारण ओलम्पिक की नयी तारीखों की घोषणा करना संभव हो पाया। आईओसी ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा, “हमें विश्वास है कि हम मिलकर इस नयी चुनौती का सामना करेंगे और इस अंधेरी सुरंग से निकलकर नयी रौशनी फैलाएंगे। हमें उम्मीद है कि हम अगले साल सफल ओलम्पिक का आयोजन करेंगे।” आईओसी ने साथ ही बताया कि जिन खिलाड़ियों ने ओलम्पिक के लिए कोटा हासिल किया था उनका कोटा बना रहेगा। आईओसी इसके साथ ही कहा कि क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन के लिए वह अंतर्राष्ट्रीय खेल महासंघों के साथ बातचीत में काम करेगा और इस बारे में राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों को जल्द जानकारी दी जायेगी। टोक्यो मेट्रोपोलिटन सरकार के कई अधिकारियों ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक 23 जुलाई 2021 से शुरू होंगे जबकि पैरालम्पिक का आयोजन 2021 में 24 अगस्त से पांच सितम्बर तक किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी), टोक्यो गेम्स आयोजन समिति, जापान सरकार और टोक्यो मेट्रोपोलिटन सरकार के बीच नई तारीखों पर सहमति हो गयी है। आधुनिक ओलम्पिक के 124 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका था जब इन खेलों को स्थगित किया गया। जापान ने इन खेलों की तैयारियों में करीब 13 अरब डॉलर खर्च किये गए हैं और घरेलू प्रयोजन से तीन अरब डॉलर जुटाए गए हैं। इस बीच आयोजन समिति इस बात पर भी विचार कर रही है कि 2020 खेलों के लिए खरीदे गए टिकट को नयी तारीखों में वैध समझा जाए या फिर टिकटों की कीमत लौटाई जाए।  

कोई टिप्पणी नहीं: