देशभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 8 मार्च 2021

देशभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया

india-celebrate-internation-women-day
नयी दिल्ली, आठ मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में महिला किसानों ने प्रदर्शन स्थलों पर मंच का संचालन किया जबकि एक महिला उप निरीक्षक ने पुलिस थाने का प्रबंधन किया। इस मौके पर संसद में कई सांसदों ने महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण की वकालत की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई दी और कहा कि भारत को उनकी तमाम उपलब्धियों पर गर्व है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व होता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।’’ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए, आज के दिन हम महिलाओं एवं पुरुषों के बीच असमानता को पूरी तरह समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।’’ कोविंद ने अपनी पत्नी सविता कोविंद की तस्वीर भी ट्वीट की, जिसमें वह कोविड-19 टीके की पहली खुराक लेती दिख रही हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस मौके पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हुए कहा कि उनके योगदान ने कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। महिला एवं बाल विकास मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘नो ‘हीरो’ विदआउट ‘हर’ (नारी के बिना नायक नहीं)।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘कोविड-19 संकट के इस समय में नारी शक्ति की निस्वार्थ और मजबूत भूमिका सामने आयी। इस महिला दिवस पर हम कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई में योगदान देने वाली 60 लाख से अधिक महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हैं।’’


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस अवसर पर कहा कि महिलाएं इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महिलाएं पूरे विनीत भाव से इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं। कोई आपको रोकने नहीं पाए।’’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘महिलाओं की आवाज को ज्यादा से ज्यादा जगह मिलना महिला सशक्तीकरण की नींव है। जितनी ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि, वकील, पायलट, उद्यमी, सैनिक, डॉक्टर, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, खिलाड़ी, कलाकार...होंगी, ये दुनिया उतनी ही खूबसूरत और सशक्त बनेगी।’’ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली के सिंघू, टीकरी एवं गाजीपुर के प्रदर्शन स्थलों पर महिला किसानों ने मार्च निकाला और भाषण दिए। किसान नेता कविता कुरूगांती ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंच का प्रबंधन महिलाओं ने किया, सभी वक्ता महिलायें थीं और जिन मसलों पर चर्चा की गयी उनमें विशेष रूप से खेती और महिला किसानों का मुद्दा शामिल था। संयुक्त किसान मोर्चा की सदस्य कविता ने कहा, ‘‘इस दौरान महिला किसानों और इस आंदोलन में महिला किसानों के योगदान पर भी चर्चा हुयी।’’ उन्होंने कहा कि यहां ‘‘हजारों महिलाओं’’ के आने और इसमें उनके हिस्सा लेने के बाद इसका महत्व बढ़ गया है। इस मौके पर महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के प्रत्येक जिले में पांच ऐसे कोविड-19 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जहां केवल महिलाओं को ही टीका लगाया जाएगा। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इन केंद्रों का संचालन केवल एक ही दिन के लिए होगा और टीका लगवाने की इच्छुक महिलाएं आज इन केंद्रों पर आ सकती हैं। राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए पंजाब विधानसभा में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया।


मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बजट सत्र के दौरान सदन में प्रस्ताव पेश किया। सिंह ने कहा, ‘‘ इस अवसर पर हमें वास्तविकता के आधार पर इसका आकलन करने की जरूरत है कि राज्य में प्रत्येक महिला को सम्मान और समानता का जीवन देने की दिशा में हम कितना आगे बढ़े।’’ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने सरकारी महिला कर्मचारियों को छह महीने की बच्चों की देखभाल के लिए छुट्टी (चाइल्ड केयर लीव) प्रदान करने के प्रस्ताव की घोषणा की। उन्होंने महिला उन्मुख कार्यक्रमों के लिए 37,188 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। महिलाओं के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में मध्य प्रदेश विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही एक महिला अध्यक्ष द्वारा संचालित की गयी। नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को दिल्ली से उत्तर प्रदेश के बरेली के लिए पहले वाणिज्यिक यात्री विमान को हरी झंडी दिखायी और इस उड़ान के चालक दल में सभी सदस्य महिलाएं हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘क्षेत्रीय संपर्क योजना-उड़े देश का आम नागरिक (आरसीएस-उड़ान) योजना के तहत बरेली हवाई अड्डे को वाणिज्यिक उड़ान संचालन के तहत उन्नत बनाया गया है।’’ हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में ऐतिहासिक रिज पर सभी महिलाओं की परेड आयोजित की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राज्यसभा में सोमवार को महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की मांग की गयी ताकि संसद तथा विधानसभाओं में महिला सदस्यों की संख्या बढ़ सके। इसके साथ ही सांसदों ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उत्तराखंड सरकार ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना शुरू की और 156 ऐसे समूहों के बीच 5.27 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए।

कोई टिप्पणी नहीं: