आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी सिंधु - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 17 मार्च 2021

आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी सिंधु

sindhu-will-play-for-chaimpionship
बर्मिंघम, 16 मार्च, विश्व चैम्पियन पी वी सिंधु स्विस ओपन फाइनल में मिली हार को भुलाकर बुधवार से यहां शुरू हो रही आल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप में सितारों की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर खिताब जीतने की कोशिश करेगी । सिंधु को स्विस ओपन फाइनल में स्पेन की कैरालिना मारिन ने एकतरफा मुकाबले में हराया था । तीन बार की विश्व चैम्पियन मारिन ने चोट के कारण इस टूर्नामेंट से नाम वापिस ले लिया है । चीन, कोरिया और चीनी ताइपै के खिलाड़ी भी इस सुपर 1000 टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे जो तोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन दौर का हिस्सा नहीं है । इससे टूर्नामेंट कुछ बेरौनक हो गया है लेकिन इससे भारत के 19 सदस्यीय दल को बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिला है । भारत के लिये प्रकाश पादुकोण (1980) और पुलेला गोपीचंद (2001) के अलावा यहां कोई खिताब नहीं जीत सका है । दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना नेहवाल 2015 में उपविजेता रही थी । सिंधु यहां 2018 में सेमीफाइनल तक पहुंची लेकिन उनके अलावा कोई और भारतीय आगे नहीं बढ सका । ओलंपिक रजत पदक विजेता सिंधु एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार होगी लेकिन साइना अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं है । वह पिछले दो साल में सिर्फ दो बार क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच सकी । अन्य भारतीयों में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और युगल वर्ग में सात्विक साइराज रांकिरेड्डी तथा चिराग शेट्टी ने स्विस ओपन में अच्छा प्रदर्शन किया और वे इस लय को कायम रखना चाहेंगे । पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधु का सामना पहले दौर में मलेशिया की सोनिया चिया से होगा जबकि क्वार्टर फाइनल में वह जापान की अकाने यामागुची से भिड़ सकती है । लंदन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना का सामना पहले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट से होगा । पुरूष एकल में श्रीकांत पहले दौर में इंडोनेशिया के टॉमी सुगिआर्तो से खेलेंगे । विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता बी साइ प्रणीत फ्रांस के तोमा जूनियर पोपोव का सामना करेंगे । वह अगले दौर में विक्टर एक्सेलसेन से भिड़ सकते हैं जिन्होंने हाल ही में स्विस ओपन और थाईलैंड ओपन जीता है । राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पारूपल्ली कश्यप का सामना पहले दौर में जापान के केंतो मोमोता से होगा जो विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर हैं । एच एस प्रणय की टक्कर मलेशिया के डारेन लियू से होगी । समीर वर्मा का सामना ब्राजील के यगोर कोल्हो से होगा । वहीं लक्ष्य सेन थाईलैंड के केंटाफोन वांगचारोन से खेलेंगे । पुरूष युगल में सात्विक और चिराग का सामना फ्रांस के इलोइ एडम और जूलियन मेइयो से होगा । वहीं अश्विनी पोनप्पा और सात्विक मिश्रित युगल में जापान के युकी कानेको और मिसाकी मत्सुतोमो से खेलेंगे । महिला युगल में अश्विनी और एन सिक्की रेड्डी का सामना थाईलैंड की बेनियापा ऐमसार्ड और नुंताकार्न ऐमसार्ड से होगा ।





live news, livenews, live samachar, livesamachar

कोई टिप्पणी नहीं: